व्हाइट हाउस में कैरोलिन लेविट की जगह लेंगी केटी, ट्रंप ने वफादारी का दिया इनाम
Newschuski Digital Desk: अमेरिकी व्हाइट हाउस को अपनी नई प्रेस सेक्रेटरी मिल गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी मीडिया कंपनी ट्रुथ सोशल की कम्युनिकेशंस एडवाइजर केटी जकारिया को व्हाइट हाउस का नया प्रेस सेक्रेटरी नियुक्त किया है। वह इस पद पर कैरोलिन लेविट की जगह लेंगी। ट्रंप ने केटी के नाम का ऐलान करते हुए उनके बेदाग रिकॉर्ड और उनके प्रति उनकी वफादारी की जमकर तारीफ की है। राष्ट्रपति चुनाव अभियानों के दौरान भी केटी ने अहम भूमिका निभाई थी, जिसके चलते ट्रंप को पूरा भरोसा है कि व्हाइट हाउस प्रेस कोर के साथ उनके संबंध बेहद मधुर रहेंगे।
केटी जकारिया का राजनीतिक और पेशेवर सफर
केटी जकारिया पेशे से वकील हैं और पेपरडाइन यूनिवर्सिटी के लॉ स्कूल से ग्रेजुएट हैं। उन्होंने 2006 में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के लिए इंटर्न के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा, वह फॉक्स न्यूज और न्यूजमैक्स जैसे कंजर्वेटिव टीवी नेटवर्क पर पॉलिटिकल कमेंट्रेटर के रूप में भी काम कर चुकी हैं। कुछ समय के लिए उन्होंने अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) में प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाली थी। इसके साथ ही, वह रिचर्ड ग्रेनेल द्वारा शुरू किए गए कंजर्वेटिव एडवोकेसी ग्रुप ‘फिक्स कैलिफोर्निया’ से भी जुड़ी रही हैं।

कैरोलिन लेविट का कार्यकाल और नियुक्ति प्रक्रिया
गौरतलब है कि जनवरी 2025 में सत्ता में वापसी के बाद 27 साल की उम्र में कैरोलिन लेविट अमेरिका के इतिहास की सबसे कम उम्र की व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी बनी थीं। दूसरे बच्चे के जन्म के बाद अगस्त के आखिर में उन्होंने यह पद छोड़ दिया था। हालांकि, केटी जकारिया इस पद के लिए ट्रंप की पहली पसंद नहीं थीं, क्योंकि उन्होंने पहले यह जिम्मेदारी फॉक्स न्यूज की नेशनल कॉरेस्पोंडेंट एलेक्सिस एडम्स को ऑफर की थी। तमाम चर्चाओं के बाद आखिरकार ट्रंप ने केटी जकारिया को इस महत्वपूर्ण पद की कमान सौंपी है, जिस पर केटी ने सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया है।
इसे भी पढ़ें: 25 वर्ष : लक्ष्य से आगे की एक कहानी

