पानीपत रेलवे स्टेशन पर बदहाली, कन्फर्म टिकट के बावजूद भी छूट गई ट्रेन, कई यात्री फंसे
पानीपत: हरियाणा के प्रमुख औद्योगिक शहर पानीपत के रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर गंभीर अव्यवस्था देखने को मिली। पानीपत से बिहार जाने वाली एकमात्र सीधी ट्रेन आम्रपाली एक्सप्रेस में भारी भीड़ और जगह न होने के कारण करीब 150 से 200 यात्री वैध और कन्फर्म टिकट होने के बावजूद ट्रेन में नहीं चढ़ सके। ट्रेन यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही छोड़ रवाना हो गई, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गैर-त्योहारी सीजन में भी स्थिति भयावह
घटना पर गहरा दुख और रोष व्यक्त करते हुए श्री गुरु शिवाधर दुबे ट्रस्ट के संस्थापक व सचिव स्वामी श्रीगुरु शिवाधर दुबे महाराज ने कहा कि जब सामान्य दिनों में यह हाल है, तो आने वाले छठ और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान हालात बेहद भयावह हो सकते हैं।

लाखों कामगारों के लिए सिर्फ एक ट्रेन का सहारा
पानीपत में पूर्वांचल और बिहार से आए लाखों मजदूर व कामगार रहते हैं। इसके बावजूद बिहार रूट के लिए पूरे क्षेत्र से केवल एक ही ट्रेन उपलब्ध है। सीमित ट्रेन सुविधा होने के कारण क्षमता से कई गुना अधिक दबाव रहता है और आए दिन ऐसी अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है।
इसे भी पढ़ें: आराधना मिश्रा ‘मोना’ के हाथ यूपी कांग्रेस की कमान
रेल मंत्रालय से नई ट्रेनें चलाने की मांग
समस्या के स्थायी समाधान के लिए ट्रस्ट और स्थानीय लोगों ने सरकार व रेल प्रशासन से तुरंत 1 से 2 नई विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की है। स्वामी ने कहा कि जब तक अतिरिक्त विकल्प नहीं दिए जाएंगे, तब तक आम जनता की परेशानी खत्म नहीं होगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस जनहित की मांग को रेल मंत्रालय तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएं।
इसे भी पढ़ें: पुत्र की आयु, बल और यश के लिए मां का तप पर्व जीउतिया
