UP में अब बाइक पर पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट अनिवार्य, 1 अक्टूबर से शुरू होंगे ई-चालान
UP Traffic Rules: उत्तर प्रदेश में अब बाइक पर सवार दोनों लोगों को हेलमेट लगाना अनिवार्य हो गया है। राजधानी लखनऊ हो या दूर-दराज के गांव, अगर बाइक पर दो लोग बैठे हैं तो दोनों को हेलमेट पहनना होगा। पीछे बैठने वाले सहयात्री ने हेलमेट नहीं लगाया तो वाहन का चालान कट जाएगा। अभी तक यूपी में बाइक चालक के लिए ही हेलमेट अनिवार्य था, लेकिन सरकार ने हादसों में मौत के मामलों को देखते हुए नई व्यवस्था लागू कर दी है। इस व्यवस्था के तहत चालान एप को अपग्रेड किया जा रहा है।
सिस्टम अपग्रेड न होने से कुछ जिलों तक ही सीमित था नियम
वैसे तो सहयात्री के लिए हेलमेट काफी समय पहले ही अनिवार्य कर दिया गया था, लेकिन सिस्टम अपग्रेड न होने की वजह से कुछ जिलों में ही चालान हो रहे थे। अब इस व्यवस्था को पूरे यूपी में लागू करने के लिए परिवहन विभाग ने सिस्टम को अपग्रेड करना शुरू कर दिया है। इसकी वजह से 21 सितंबर से ही ई-चालान बंद हैं। माना जा रहा है कि इस हफ्ते सिस्टम अपग्रेड होने के बाद एक अक्टूबर से ई-चालान दोबारा शुरू हो जाएंगे।
इसे भी पढ़ें: भारत के डिजिटल जीवन की भाषा बने हिंदी : प्रो. संजय द्विवेदी
हादसों में मौत की बड़ी वजह बना हेलमेट न लगाना
परिवहन विभाग ने बीते एक साल में हुए हादसों का अध्ययन कराया है, जिसमें पाया गया है कि हादसों में मौत की बड़ी वजह हेलमेट न लगाना भी है। ऐसे में परिवहन विभाग ने बाइक पर डबल चलने पर पीछे बैठने वालों के लिए भी हेलमेट अनिवार्य कर दिया है। यदि कोई सहयात्री हेलमेट नहीं लगाता है तो मोबाइल ऐप्स के अलावा सड़कों पर लगे आईटीएमएस कैमरों से बाइक का चालान कट जाएगा।
एक हफ्ते में दोबारा शुरू होगा ई-चालान
परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अभी चालान प्रणाली को अपडेट किया जा रहा है। इसके लिए 21 सितंबर की रात से ही ई-चालान बंद हैं। नए सिस्टम में पूरा डाटा ट्रांसफर होने के बाद दोबारा से ई-चालान शुरू होंगे। अधिकारियों के मुताबिक अब चालान के बेहद सख्त नियम बनाए गए हैं, जिसमें उल्लंघन करने वालों पर तत्काल एक्शन हो सकेगा। वहीं बार-बार उल्लंघन पर लाइसेंस रद्द करने की भी प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें: चुनाव आयोग के विरुद्ध अभियान, लोकतंत्र के विरुद्ध षड्यंत्र है
