डेटिंग ऐप पर दोस्ती, होटल में मिलने का झांसा और फिर ब्लैकमेलिंग, CM योगी तक पहुंची लुटेरी गर्लफ्रेंड की शिकायत
Lucknow News: राजधानी लखनऊ और प्रयागराज में डेटिंग ऐप्स के जरिए युवकों को झांसे में लेकर वसूली करने वाले एक बड़े गिरोह की करतूत सामने आई है। बलिया की रहने वाली आरोपी युवती टिंडर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी नामों से आईडी बनाकर पहले युवकों को अपने प्रेमजाल में फंसाती थी। इसके बाद होटल व फ्लैट में बुलाकर अश्लील फोटो-वीडियो बना लेती थी। जब पीड़ित पैसे देने से इनकार करते, तो वह उन पर दुष्कर्म और छेड़छाड़ जैसी गंभीर धाराओं में झूठा मुकदमा दर्ज करवा देती थी।
दुष्कर्म के दर्जनों केस दर्ज कराकर वसूली
युवती के खौफ और साजिशों का जाल कई जिलों तक फैला हुआ है। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती के खिलाफ लखनऊ और प्रयागराज में 14 मुकदमे दर्ज हैं। उसने वर्ष 2021 से लेकर 2024 के बीच कई अलग-अलग थानों में दीपक पाल, शेरा निषाद, भूपेंद्र सिंह तोमर और अभिषेक श्रीवास्तव समेत कई लोगों पर रेप के मामले दर्ज कराए। हद तो तब हो गई जब उसने अपने ही पति मो. आलम पर अलग-अलग थानों में तीन बार दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज करवाई। बार-बार झूठे मामले दर्ज कराने पर कोर्ट के आदेश पर युवती पर भी धोखाधड़ी का केस दर्ज हो चुका है।
हाईकोर्ट के वकील ने साक्ष्यों के साथ सीएम से की सख्त कार्रवाई की मांग
इस जालसाजी का शिकार बने प्रयागराज के हाईकोर्ट अधिवक्ता नूर आलम ने पूरे गैंग की करतूतों को सबूतों के साथ उजागर किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर आरोपी युवती और उसके साथियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में युवती के अवैध असलहों और बिस्तर पर करोड़ों रुपयों के नोटों के बंडलों के साथ ली गई तस्वीरों के सबूत भी दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें: Basti News: शाखा प्रबंधक ने मृतका के पति को सौंपा चेक
फाफामऊ में पानी की टंकी पर 9 घंटे तक किया था हाई-वोल्टेज ड्रामा
आरोपी युवती न सिर्फ ब्लैकमेलिंग करती है, बल्कि पुलिस और प्रशासन को दबाव में लेने के लिए स्टंट भी रचती है। करीब चार महीने पहले प्रयागराज के फाफामऊ में वह पानी की टंकी पर चढ़ गई थी और लगभग नौ घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा करके पुलिस को छकाया था। इसके अलावा उसने विभूतिखंड और सुशांत गोल्फ सिटी थाने में भी फर्जी आपराधिक षड्यंत्र और जानलेवा हमले की शिकायतें दर्ज करा रखी हैं।
इसे भी पढ़ें: मुस्लिम महिलाओं ने हरिद्वार से उठाई कांवड़, सनातन अपनाकर की घर वापसी
