अखिलेश यादव की मुरीद हुईं राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह, वीडियो शेयर कर CJP के प्रदर्शन को दिया समर्थन
लखनऊ: NEET पेपर लीक मामले में छात्रों के जारी प्रदर्शन को अब समाज के हर वर्ग और राजनीतिक हलकों से भरपूर समर्थन मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक पूरी मजबूती से उठा रहे हैं। अब इस लड़ाई में सपा प्रमुख को जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह का भी साथ मिला है। भानवी सिंह ने छात्रों के हक में आवाज बुलंद करने के लिए अखिलेश यादव का आभार व्यक्त किया है।
भानवी सिंह ने शेयर किया अखिलेश का वीडियो
भानवी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अखिलेश यादव का संसद में दिया गया वह भाषण शेयर किया, जिसमें सपा प्रमुख केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते दिख रहे हैं। अखिलेश यादव ने चेतावनी दी कि अगर छात्रों की बात नहीं सुनी गई, तो वे सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई और अभद्रता का मुद्दा भी पुरजोर तरीके से उठाया।
इस न्याय की लड़ाई में जो भी छात्र, नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक सच और न्याय के पक्ष में निडर होकर खड़े हुए हैं, उन सभी का हृदय से आभार। किसी भी जनआंदोलन की सबसे बड़ी ताकत उसके वे लोग होते हैं जो बिना किसी निजी स्वार्थ के अन्याय के विरुद्ध अपनी आवाज़ बुलंद करते हैं और… pic.twitter.com/NXW6wEnafA
— Bhanvi Kumari Singh Bhadri (@BhanviKumari) July 24, 2026
भावुक संदेश, न्याय की उम्मीद जिंदा रहेगी
वीडियो शेयर करते हुए भानवी सिंह ने लिखा कि किसी भी जनआंदोलन की असली ताकत वे लोग होते हैं, जो बिना स्वार्थ अन्याय के खिलाफ खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास उन सभी नागरिकों को याद रखेगा जिन्होंने कठिन समय में सच का साथ दिया। लोकतंत्र में असहमति को संवैधानिक अधिकार बताते हुए उन्होंने लिखा कि जब तक सच बोलने वाले लोग हैं, तब तक न्याय की उम्मीद बनी रहेगी।
इसे भी पढ़ें: Pauranik Katha: जगन्नाथ पुरी में क्यों नहीं हैं राधा रानी
समाजवादी पार्टी इस आंदोलन में शुरुआत से ही छात्रों के साथ खड़ी नजर आ रही है। हाल ही में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद सपा सांसद डिंपल यादव खुद मौके पर पहुंची थीं और घायल अभ्यर्थियों की मदद की थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।
इसे भी पढ़ें: उर्वशी रौतेला FIFA अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो से विशेष आमंत्रण पाने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बनीं
