महाराष्ट्र में आसमान से आफत की बारिश, पुणे में पहाड़ टूटने से 3 की मौत, नासिक में क्लाउड बर्स्ट का खतरा!

Maharashtra Heavy Rain

Maharashtra Heavy Rain: महाराष्ट्र में मानसून ने रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है। मुंबई, पुणे, ठाणे, रायगढ़ और पालघर समेत राज्य के कई जिलों में बीते कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है, तो वहीं पुणे में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में बाढ़, जलजमाव और लैंडस्लाइड (भूस्खलन) से हाहाकार मचा हुआ है।

विधानसभा की कार्यवाही से लेकर आम जनता की जिंदगी तक, सब कुछ इस आसमानी आफत के आगे बेबस नजर आ रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

पुणे में पहाड़ के मलबे में दबा परिवार, 3 की दर्दनाक मौत

पुणे के मावल पाटण गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ तड़के सुबह करीब 4:25 बजे भारी बारिश के चलते एक पहाड़ का बड़ा हिस्सा भरभराकर चार घरों पर गिर गया। इस हादसे के वक्त मलबे में करीब 30 से 35 लोग फंस गए थे। स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाकी लोगों को तो सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन एक ही परिवार के तीन लोगों की इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान नंदू तिकोने (60), माउली तिकोने (30) और अनीता तिकोने (55) के रूप में हुई है। एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने दो शव बरामद कर लिए हैं, जबकि मलबे को हटाकर महिला के शव की तलाश की जा रही है।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 100 टन मलबा

भारी बारिश का सबसे बड़ा असर यातायात पर पड़ा है। महज दो महीने पहले 6,695 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किए गए ‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट वाले हिस्से पर अचानक 100 टन वजनी मलबा आ गिरा, जिससे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पूरी तरह ठप हो गया।

देवेंद्र फडणवीस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, यह भूस्खलन बेहद अप्रत्याशित जगह पर हुआ है, जहाँ आमतौर पर ऐसी घटनाएं नहीं होतीं। युद्ध स्तर पर राहत कार्य जारी है और 70 फीसदी मलबा साफ किया जा चुका है। पुणे से मुंबई आने वाली एक लेन को खोल दिया गया है, और अगले कुछ घंटों में हाईवे पूरी तरह सुचारू हो जाएगा। इसके साथ ही मुंबई-गोवा हाईवे और भोर घाट सेक्शन (करजत-लोनावला) में तीन रेलवे लाइनों पर लैंडस्लाइड के कारण ट्रेन नेटवर्क ध्वस्त हो गया है, जिसके चलते 20 ट्रेनें रद्द करनी पड़ी हैं।

मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। शहर में 80 से 90 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है। अकेले पिछले 24 घंटों में 50 किमी/घंटे की हवाओं के कारण शहर में 350 से ज्यादा पेड़ उखड़ चुके हैं। दोपहर 3 बजे हाईटाइड की चेतावनी है, जिससे जलभराव का खतरा और अधिक बढ़ गया है।

हवाई यातायात की बात करें तो छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी और आंधी के कारण 17 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 217 फ्लाइट्स को दूसरे एयरपोर्ट्स पर डायवर्ट करना पड़ा है। बीएमसी (BMC) ने एहतियात के तौर पर आज सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। साथ ही निजी कंपनियों को अपने कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ देने की सलाह दी गई है।

नासिक में बादल फटने (Cloudburst) की आशंका

प्रशासन की चिंताएं अभी कम नहीं होने वाली हैं। सीएम फडणवीस ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि कल (मंगलवार) नासिक और उसके आस-पास के इलाकों के लिए बहुत बड़ा अलर्ट है। वहाँ बादल फटने जैसी स्थिति बन सकती है, जिससे 300 मिमी तक अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान है।

नवी मुंबई के पनवेल स्थित गाडेश्वर बांध परिसर में रविवार को तैरने उतरे दो युवकों की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। माथेरान की पहाड़ियों में हुई भारी बारिश के कारण बांध में पानी का बहाव अचानक बेहद तेज हो गया था। दोनों युवकों को लाठी के सहारे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन पानी का वेग इतना ज्यादा था कि वे बह गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने एक शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

पुणे के आलंदी से एक राहत भरी खबर भी आई। यहाँ के भक्त निवास में बाढ़ का पानी पहली मंजिल तक भर जाने के कारण नवी मुंबई पुलिस बल के 20 जवान और 4 नागरिक सुबह 6 बजे से फंसे हुए थे। इमारत की बत्ती गुल थी और बाहर निकलने के सारे रास्ते बंद थे। जिलाधिकारी कार्यालय से सूचना मिलते ही PMRDA, आपदा प्रबंधन (PDRF) और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर सभी 24 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया।

इसे भी पढ़ें: Yogi Cabinet Decisions 2026: 27 प्रस्तावों को मंजूरी, जलालाबाद नगर का बदला नाम

आपातकालीन स्थिति में यहाँ करें संपर्क

प्रशासन ने अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। किसी भी आपात स्थिति के लिए इन नंबरों पर कॉल करें।

BMC (मुंबई) हेल्पलाइन: 1916

पालघर हेल्पलाइन: 02525 297474, +91 82379 78873

ठाणे महानगरपालिका: 022-25364779, 022-25301740, +91 93723 38827

ठाणे आपदा प्रबंधन कक्ष: 1800-222-108 / 8657887101

पनवेल महानगरपालिका: 022-27458040 / 41 / 42

इसे भी पढ़ें: ग्लोबल सेल में टीवीएस ने सबको पछाड़ा, घरेलू बाजार में हीरो का राज कायम

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...