रेजीम चेंज किताब का दावा, ट्रंप के निजी कमरों में तारीफ भरे पत्र छोड़ती थीं नताली

Donald Trump Natalie Harp

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निजी और राजनीतिक जीवन को लेकर आई एक नई किताब ने अमेरिकी सियासत में नया तूफान खड़ा कर दिया है। इस किताब में ट्रंप की बेहद करीबी और कार्यकारी सहायक 34 वर्षीय नताली हार्प (Natalie Harp) के साथ उनके समीकरणों को लेकर कई सनसनीखेज दावे किए गए हैं। नताली को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप के सूचना तंत्र और सोशल मीडिया साम्राज्य को संभालने वाली सबसे भरोसेमंद सहयोगी माना जाता है।

न्यूज़पेपर न्यूयॉर्क टाइम्स के दिग्गज पत्रकारों मैगी हैबरमैन और जोनाथन स्वान द्वारा लिखी गई किताब ‘Regime Change: Inside the Imperial Presidency of Donald Trump’ में दोनों के असामान्य रिश्तों का जिक्र है। किताब के मुताबिक, नताली 80 वर्षीय राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति इस कदर समर्पित हैं कि वे उनके निजी स्थानों पर प्रशंसा और लगाव से भरे पत्र छोड़ दिया करती थीं। ऐसे ही एक पत्र में नताली ने लिखा था, मेरे लिए दुनिया में सिर्फ आप ही मायने रखते हैं।

वो मुझे कभी छोड़कर नहीं जाएगी: ट्रंप

किताब के दावों के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने भी अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में व्हाइट हाउस स्टाफ के सामने नताली की जमकर तारीफ की थी। ट्रंप ने कहा था, नताली ही इकलौती ऐसी शख्सियत है जो मुझे उतना ही स्नेह करती है जितना मेरी पत्नी और बच्चे करते हैं। उन्होंने बाकी स्टाफ की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि आप सभी लोग तो बाद में चले जाएंगे और पैसा कमाएंगे, लेकिन नताली मुझे कभी छोड़कर नहीं जाएगी।

Donald Trump Natalie Harp

सोशल मीडिया पर पूरा कंट्रोल और ह्यूमन प्रिंटर का खिताब

सफेदपोश गलियारों में नताली हार्प को ह्यूमन प्रिंटर के नाम से भी पुकारा जाता है, क्योंकि वे अक्सर ट्रंप के पीछे-पीछे जरूरी खबरों के प्रिंटआउट लेकर चलती हैं। किताब कहती है कि व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स भी नताली के इन भावुक पत्रों को देखकर हैरान रह गई थीं। इसके अलावा, ट्रंप के ट्रुथ सोशल अकाउंट पर भी सबसे ज्यादा नियंत्रण नताली का ही बताया गया है। देर रात और सुबह-सुबह होने वाले ट्रंप के कई आक्रामक और विवादास्पद पोस्ट के पीछे नताली का ही दिमाग माना जाता है। चुनाव प्रचार के दौरान का एक वीडियो भी इसका गवाह है, जिसमें ट्रंप के निर्देश पर नताली ठीक उनके बगल में बैठकर कमला हैरिस के भाषण पर पलटवार लिखते हुए दिखाई दी थीं।

Donald Trump Natalie Harp

इस बीच, नताली के भाई प्रेस्टन हार्प ने मीडिया इंटरव्यू में इन खुलासों पर मुहर लगाते हुए कहा कि उनकी बहन का ट्रंप के साथ एक बेहद असामान्य और अनहेल्दी रिश्ता है और वह पूरी तरह एक अंधभक्त की तरह काम कर रही हैं। हालांकि, इन तमाम चर्चाओं और आरोपों के बीच व्हाइट हाउस ने मुस्तैदी से इन दावों का खंडन किया है। प्रशासन ने नताली को ट्रंप टीम की सबसे वफादार, कर्मठ और अनुशासित सदस्य बताया है। आपको बता दें कि ट्रंप की कोर टीम का हिस्सा बनने से पहले नताली अमेरिका के एक निजी न्यूज़ चैनल में बतौर एंकर काम करती थीं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...