यूपी बीजेपी की नई टीम का एलान, अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले की काट, संगठन में ओबीसी चेहरों का दबदबा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई संगठनात्मक टीम की आधिकारिक घोषणा हो गई है। नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (जो स्वयं ओबीसी वर्ग की कुर्मी बिरादरी से आते हैं) के नेतृत्व में बनी इस टीम में पार्टी ने आगामी सियासी समीकरणों को देखते हुए बड़ा ‘पिछड़ा कार्ड’ खेला है। राज्य में भाजपा के संगठन को कुल 6 क्षेत्रों में विभाजित किया गया है, जिनमें से 4 क्षेत्रों के अध्यक्ष पद की कमान सीधे तौर पर ओबीसी (OBC) वर्ग के नेताओं को सौंपी गई है।
इस बड़े बदलाव के जरिए भाजपा ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कार्ड को उसी की जमीन पर कड़ी चुनौती देने की रणनीति तैयार की है। बीजेपी की नई टीम में जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन को साधने के लिए किए गए मुख्य बदलाव इस प्रकार हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्षों का समीकरण
पश्चिम क्षेत्र: नवाब सिंह नागर (गुर्जर बिरादरी – ओबीसी)
ब्रज क्षेत्र: पूरन लाल लोधी (लोधी बिरादरी – ओबीसी)
कानपुर क्षेत्र: राम किशोर साहू (साहू बिरादरी – ओबीसी)
काशी क्षेत्र: अशोक चौरसिया (चौरसिया बिरादरी – ओबीसी)
अवध क्षेत्र: अवधेश द्विवेदी (ब्राह्मण समाज)
गोरखपुर क्षेत्र: विनोद राय (भूमिहार समाज)
पदाधिकारियों में भी पिछड़ा वर्ग को तरजीह: पार्टी द्वारा घोषित किए गए कुल 19 प्रदेश उपाध्यक्षों में सत्यपाल सैनी, पूजा पाल, दुर्विजय शाक्य, देवेश कोरी, सुरेश मौर्य और राजेश यादव जैसे प्रमुख ओबीसी चेहरों को शामिल किया गया है। इसके अलावा 8 प्रदेश महामंत्रियों की सूची में भी 4 नाम ओबीसी वर्ग से ही तय किए गए हैं।
इसे भी पढ़ें: छोटे दलों की शामत आयी क्यों?
पूजा पाल के जरिए प्रयागराज में बड़ा दांव: सपा से बगावत करने वाली पूजा पाल को संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। प्रयागराज, कौशांबी और प्रतापगढ़ जैसे जिलों में पाल समाज का अच्छा-खासा वोट बैंक है। पूजा पाल (दिवंगत पूर्व विधायक राजू पाल की पत्नी) के आने से भाजपा इस क्षेत्र में गैर-यादव ओबीसी मतों को अपने पाले में मजबूत करना चाहती है।
इसके साथ ही, पश्चिम यूपी के सियासी गढ़ को मजबूत बनाए रखने के लिए मोहित बेनीवाल, सत्यपाल सैनी और दुर्विजय सिंह शाक्य जैसे बड़े नेताओं को टीम में अहम पदों से नवाजा गया है।
इसे भी पढ़ें: जब प्यार में अंधी बेवफा हसीनाओं ने कराई पति की हत्या
