जॉर्जिया मेलोनी के जीवन से जुड़े 10 अनसुने और दिलचस्प किस्से, जिसे कम लोग ही जानते हैं
Newschuski Digital Desk: इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) आज वैश्विक राजनीति के मंच पर एक ऐसा नाम हैं, जिन्हें उनकी कड़क कूटनीति, बेबाक फैसलों और ‘नो-फिल्टर’ हाव-भाव के लिए जाना जाता है। सोशल मीडिया पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बॉन्डिंग हो या वैश्विक मंचों पर बड़े-बड़े सूरमाओं को आंखें दिखाना, मेलोनी का हर अंदाज़ इंटरनेट पर ट्रेंड करता है।
एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर सत्ता के शिखर तक पहुँचने वाली जॉर्जिया मेलोनी के जीवन से जुड़े 10 ऐसे अनोखे और दिलचस्प किस्से, जो उन्हें दुनिया का सबसे अनूठा राजनेता बनाते हैं:
1. डोनाल्ड ट्रंप को दिया करारा और तीखा जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि हाल ही के G7 समिट के दौरान मेलोनी उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए काफी गिड़गिड़ाई थीं। इस पर मेलोनी ने बिना देर किए एक वीडियो जारी कर पलटवार किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ट्रंप का यह दावा पूरी तरह मनगढ़ंत है; न तो वे खुद और न ही इटली कभी किसी के आगे भीख मांगता है। इस कूटनीतिक विवाद का असर इतना गहरा था कि इटली के विदेश मंत्री ने अपना अमेरिका दौरा तक रद्द कर दिया।

2. सोशल मीडिया पर सुपरहिट मेलोडी
पीएम नरेंद्र मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकातें हमेशा इंटरनेट पर छा जाती हैं। मेलोनी ने खुद पीएम मोदी के साथ एक सेल्फी वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने हंसते हुए कहा था- “हैलो फ्रेंड्स, फ्रॉम मेलोडी टीम!” अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में किसी देश के प्रधानमंत्री द्वारा ऐसा कूल और अनौपचारिक अंदाज़ अपनाना बेहद दुर्लभ है। फ्रांस में आयोजित G7 समिट के दौरान उन्होंने मोदी से गर्मजोशी से मिलते हुए चुटकी ली थी कि हम इंस्टाग्राम पर सबसे मशहूर कपल हैं।
3. मैक्रों को देखकर आई रोल और मीम मटीरियल
इटली में आयोजित G7 समिट का एक वीडियो पूरी दुनिया में मीम बन गया था। जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मेलोनी से हाथ मिलाने आए, तो मेलोनी ने अपनी नापसंदगी न छिपाते हुए अपनी आंखें घुमाईं (Eye Roll) और एक बेहद रूखा सा चेहरा बनाया। जब मैक्रों ने फ्रांसीसी परंपरा के अनुसार उनका हाथ चूमा, तब भी मेलोनी के चेहरे पर कोई मुस्कान नहीं थी। उनका यह बिना किसी बनावट वाला चेहरा लोगों को खूब पसंद आता है।
4. जब विरोधियों का मजाक उनके लिए बन गया सुपरहिट गाना
2019 में रोम की एक रैली में मेलोनी ने बेहद जोशीला भाषण देते हुए कहा था- आई एम जॉर्जिया, आई एम अ वुमन, आई एम अ मदर, आई एम अ क्रिश्चियन… उनके विरोधियों ने इस लाइन को एक इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक (EDM) ट्रैक में बदलकर उनका मजाक उड़ाने की कोशिश की। लेकिन यह दांव उल्टा पड़ गया! वह गाना इटली के क्लबों और डिस्को में सुपरहिट हो गया और इसने युवाओं के बीच मेलोनी की लोकप्रियता को रातों-रात आसमान पर पहुंचा दिया।
5. बचपन का वो भीषण हादसा और 15 की उम्र में राजनीति
मेलोनी का बचपन बेहद संघर्षपूर्ण रहा। जब वे बहुत छोटी थीं, तो उनके पिता परिवार को छोड़कर चले गए थे। बचपन में एक बार मेलोनी और उनकी बहन घर में मोमबत्तियां जलाकर खेल रही थीं, जिससे उनके पूरे घर में भीषण आग लग गई और सब कुछ खाक हो गया। इस हादसे के बाद उन्हें अपना इलाका तक बदलना पड़ा। इसी संघर्ष के बीच, महज 15 साल की उम्र में उन्होंने युवाओं के एक राजनीतिक दल की सदस्यता लेकर अपने सियासी सफर की शुरुआत कर दी थी।

प्रधानमंत्री बनने के बाद पहला फोन
जब मेलोनी ने इटली के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, तो उन्होंने सबसे पहले अपनी मां को फोन किया। उनकी मां ने एक इंटरव्यू में हंसते हुए बताया था कि उन्होंने मेलोनी से कहा- बधाई हो, लेकिन अब बहुत काम करना है, चलो अब काम पर लग जाओ।
6. नाइट क्लब में बारटेंडर और नैनी का काम किया
आज भले ही वे इटली की कमान संभाल रही हैं, लेकिन एक समय पर अपनी पढ़ाई और शुरुआती राजनीति का खर्च चलाने के लिए मेलोनी ने रोम के एक मशहूर नाइट क्लब में बारटेंडर (ड्रिंक्स सर्व करने वाली) के रूप में काम किया था। इसके अलावा, उन्होंने इटली के एक नामचीन अभिनेता के बच्चों की देखरेख करने वाली ‘नैनी’ (Babysitter) के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं।
7. द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स की जबरा फैन
मेलोनी फैंटेसी उपन्यासों, खासकर जे.आर.आर. टॉल्किन की कालजयी किताब द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं। युवावस्था में वे और उनके राजनीतिक साथी ‘ड्रैगन’ के नाम से कैंप लगाते थे और खुद को ‘हॉबिट’ (किताब के काल्पनिक छोटे पात्र) कहते थे। वे इस काल्पनिक कहानी को अच्छाई बनाम बुराई और अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाने की लड़ाई के रूप में देखती हैं।
8. इंटरनेशनल दौरों पर बेटी को साथ ले जाना
मेलोनी अपनी बेटी जिनेवा को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती हैं। जब वे वैश्विक दौरों या सम्मेलनों में जाती हैं, तो अक्सर अपनी बेटी को साथ ले जाती हैं। वे दुनिया को यह संदेश देना चाहती हैं कि एक महिला बिना अपने मातृत्व (Motherhood) की जिम्मेदारी से समझौता किए, दुनिया के सबसे शक्तिशाली और व्यस्ततम पदों को भी कुशलता से संभाल सकती है।
9. नो-कॉरपोरेट सूट: केवल ढीले ट्राउजर्स और स्नीकर्स
मेलोनी का पहनावा पारंपरिक राजनेताओं से बिल्कुल अलग है। वे गहरे रंग के भारी कॉरपोरेट सूट पहनने के बजाय हल्के पेस्टल रंगों (Pastel Colors) के कपड़े, ढीले ट्राउजर्स और स्नीकर्स (स्पोर्ट्स शूज) पहनना पसंद करती हैं। उनका यह सादगी भरा फैशन सेंस इटली की आम जनता को यह महसूस कराता है कि मेलोनी उन्हीं के बीच की एक आम नागरिक हैं।
इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी ने नौसेना को सौंपे तीन स्वदेशी युद्धपोत
10. इंस्टाग्राम पर सीधे ‘ब्रेकअप’ का साहसी ऐलान
मेलोनी के पार्टनर और टीवी पत्रकार एंड्रिया गिआम्ब्रुनो का एक ऑफ-एयर ऑडियो लीक हो गया था, जिसमें वे महिला सहकर्मियों के साथ बेहद आपत्तिजनक बातें और अश्लील पेशकश कर रहे थे। मेलोनी ने किसी पीआर एजेंसी या औपचारिक प्रेस रिलीज का सहारा नहीं लिया। उन्होंने सीधे अपने इंस्टाग्राम पर बेटी और पार्टनर के साथ एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की और साफ लिख दिया कि हमारा 10 साल का रिश्ता यहीं खत्म होता है। इस सीधे कदम ने उन्हें एक आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी महिला के रूप में स्थापित किया।
इसे भी पढ़ें: मशहूर गायिका परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारने की सजा
