नीट छात्रा से 16 दिनों तक बंधक बनाकर दरिंदगी, कांग्रेस का सरकार पर हमला
Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां रहकर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही एक छात्रा का दबंगों ने अपहरण कर लिया और 16 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) जैसी अमानवीय वारदात को अंजाम दिया।
दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपियों ने पीड़िता को सिगरेट से दागा और नशीले इंजेक्शन दिए। पुलिस ने करीब 16 दिन बाद पीड़िता को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराकर गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
रास्ते से अगवा कर प्रयागराज में बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली है और महोबा शहर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की कोचिंग कर रही थी। बीते 30 अप्रैल को जब वह कोचिंग क्लास के बाद अपने कमरे पर लौट रही थी, तभी कार सवार कुछ दबंगों ने उसे जबरन रास्ते से अगवा कर लिया।
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उसके ही गांव के रहने वाले मोहित श्रीवास ने अपने साथियों अंकित श्रीवास, हल्लू राजपूत और करीब आधा दर्जन अन्य लोगों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की साजिश रची। अपहरण के बाद आरोपी उसे सीधे प्रयागराज (इलाहाबाद) ले गए, जहां उसे एक बंद कमरे में रखा गया।

नशीले इंजेक्शन, सिगरेट से दागना और जबरन निकाह
अस्पताल के बिस्तर पर दहशत से कांपते हुए पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि बंधक बनाए जाने के दौरान उसे हर दो घंटे में जबरन नशीले इंजेक्शन दिए जाते थे ताकि वह विरोध न कर सके। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ लगातार सामूहिक दुष्कर्म किया। जब भी उसने भागने या शोर मचाने का प्रयास किया, तो दरिंदों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसे जलती हुई सिगरेट से दागा और चाकू से वार कर लहुलूहान कर दिया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता को उसके भाई की तस्वीरें दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इस खौफ के साए में मुख्य आरोपी मोहित श्रीवास ने पीड़िता के साथ जबरन शादी (निकाह) भी रचा ली।
पीड़िता मध्य प्रदेश की मूल निवासी है जो महोबा में नीट (NEET) एस्पिरेंट है। मामले में मोहित श्रीवास, अंकित श्रीवास और हल्लू राजपूत (कुल आधा दर्जन आरोपी) मुख्य नामजद आरोपी हैं। आरोपियों ने महोबा से अपहरण, कर प्रयागराज में 16 दिनों तक बंधक बनाकर दरिंदगी की। शहर कोतवाली पुलिस द्वारा पीड़िता का मेडिकल (MLC) परीक्षण संपन्न, बयानों के आधार पर साक्ष्य जुटाना शुरू।
इसे भी पढ़ें: लखनऊ में पांच दिवसीय अभिव्यक्ति प्रदर्शिनी का उद्घाटन
कांग्रेस ने खोला मोर्चा
इस वीभत्स कांड के उजागर होने के बाद स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है। अस्पताल में पुलिस सुरक्षा के बीच इलाज करा रही पीड़िता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधे गुहार लगाते हुए दोषियों को सरेआम फांसी की सजा देने की मांग की है। महोबा शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण (MLC) करा लिया गया है और दर्ज बयानों व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बेहद सख्त धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
इस जघन्य अपराध को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर पार्टी इस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है। यूपी कांग्रेस के प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अस्पताल में भर्ती पीड़िता से फोन पर बात कर ढांढस बंधाया है।
कांग्रेस ने मांग की है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए अपराधियों को तुरंत सजा दिलाई जाए और पीड़िता को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। इसके साथ ही कांग्रेस ने एलान किया है कि पार्टी का एक उच्च स्तरीय प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पीड़िता और उसके परिवार से मिलने महोबा जिला अस्पताल पहुंचेगा।
इसे भी पढ़ें: अजामिल, प्रह्लाद और गजेन्द्र के प्रसंग सुनाकर सिखाया भक्ति का सच्चा मार्ग
