PM मोदी की चेतावनी, मिडिल ईस्ट युद्ध और वैश्विक संकट पलट सकते हैं दशकों की विकास यात्रा को

pm modi warning middle east war

Newschuski Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक गंभीर चेतावनी देते हुए कहा कि मध्य पूर्व में जारी युद्ध और दुनिया भर में बढ़ती अस्थिरता पिछले कई दशकों में हासिल की गई विकास उपलब्धियों को पलट सकती है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बुरा असर गरीब और मध्यम वर्गीय आबादी पर पड़ेगा, जो फिर से गरीबी के दलदल में धकेल दी जाएगी।

नीदरलैंड की यात्रा के दौरान हेग में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय कोविड-19 के बाद के प्रभावों, कई मोर्चों पर जारी युद्धों और भीषण ऊर्जा संकट से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि अगर यह सिलसिला जल्द नहीं रुका, तो वैश्विक गरीबी उन्मूलन की सारी सफलताएं धूल में मिल जाएंगी।

भरोसेमंद सप्लाई चेन की मांग कर रही है दुनिया

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर भारत और नीदरलैंड के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर एक विश्वसनीय, पारदर्शी और लचीली वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) का निर्माण कर रहे हैं, जो भविष्य के संकटों में दुनिया की मदद कर सके।

पीएम मोदी ने कहा, पहले कोरोना आया, फिर युद्ध छिड़ गए और अब ऊर्जा संकट है। यह दशक दुनिया के लिए संकटों का दशक बनता जा रहा है। अगर यह स्थिति जल्द नहीं बदली, तो बीते दशकों की उपलब्धियां मिट सकती हैं। दुनिया की आबादी का एक बड़ा हिस्सा फिर से गरीबी के जाल में फंस सकता है।

हेग में भारत जैसा माहौल, प्रवासियों की सराहना

प्रवासी भारतीयों के उत्साह को देखते हुए पीएम मोदी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, इतना प्यार और उत्साह… सच कहूं तो, कुछ समय के लिए तो मैं पूरी तरह भूल ही गया था कि मैं नीदरलैंड में हूं। ऐसा लग रहा है जैसे भारत में कहीं कोई त्योहार चल रहा हो। उन्होंने विदेशों में रह रहे भारतीयों को प्रगति की जीती-जागती मिसाल बताते हुए भारतीय भाषाओं, रीति-रिवाजों और परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए उनकी सराहना की।

2014 के चुनास परिणामों को याद करते हुए

पीएम मोदी ने 16 मई, 2014 को भारत में बनी स्थिर और बहुमत वाली सरकार को देश के बदलाव की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा, आज 16 मई है और यह दिन एक और कारण से भी बहुत खास है। आज से बारह साल पहले, 16 मई, 2014 को, चुनाव परिणामों ने भारत में एक स्थिर बहुमत वाली सरकार की वापसी का संकेत दिया था। करोड़ों भारतीयों का विश्वास मुझे रुकने या थकने नहीं देता।

इसे भी पढ़ें: मौनी रॉय की तलाक के बीच फिर सुर्खियों लव लाइफ

भारत तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम

प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति का लेखा-जोखा पेश करते हुए बताया कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। साथ ही देश इनोवेशन, मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन एनर्जी का वैश्विक केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।

खेलों में भारत-नीदरलैंड की दोस्ती

पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच खेल संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जहां नीदरलैंड की क्रिकेट टीम ने भारत में हुए टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया, वहीं डच कोचों ने भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयां दीं। उन्होंने विशेष तौर पर भारतीय महिला हॉकी टीम के पूर्व कोच स्जोर्ड मारिजने का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय हॉकी के विकास में अहम भूमिका निभाई।

इसे भी पढ़ें: कैकेयी के पूर्व जन्म की कथा: जानें कलहा से रानी कैकेयी तक का सफर

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...