Basti News: आयुष विभाग में IGRS खेल का खुलासा, अपनी ही रिपोर्ट से पलटे अधिकारी

basti ayush department igrs

Basti News: जनपद के आयुष विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक विवाद सामने आया है। मानपुर बाबू निवासी मनोज सिंह ने क्षेत्रीय आयुष अधिकारी और विभागीय कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार और आईजीआरएस (IGRS) शिकायतों के फर्जी निस्तारण का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब रुधौली के पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग कर दी।

शिकायतकर्ता मनोज सिंह का आरोप है कि क्षेत्रीय आयुष अधिकारी डॉ. जगदीश यादव और आईजीआरएस पटल प्रभारी विकास सिंह ने मिलीभगत कर पूरी प्रक्रिया को संदिग्ध बना दिया है। मामला भानपुर तहसील के लोढ़वा और नथवापुर में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मेडिकल कॉलेज की जमीन से जुड़ा है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिन अधिकारियों ने पहले स्थलीय निरीक्षण कर जमीन को उपयुक्त बताया था, उन्होंने ही आईजीआरएस पर शिकायत आने के बाद बिना दोबारा निरीक्षण किए अपनी रिपोर्ट पलट दी।

भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप

आरोप है कि विभागीय कर्मचारियों ने आर्थिक लाभ लेकर भ्रामक रिपोर्ट तैयार की और बिना जमीनी हकीकत जाने फाइल निपटा दी। मनोज सिंह ने सवाल उठाया कि सब कुछ ठीक अचानक सब कुछ गलत कैसे हो गया? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को कुछ अधिकारी अपनी कमाई का जरिया बना रहे हैं, जिससे विकास कार्य बाधित हो रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: बैरकपुर में बोले पीएम मोदी: 4 मई के बाद शपथ ग्रहण के लिए फिर आऊंगा बंगाल

पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से की जांच की मांग

मामले की गंभीरता को देखते हुए रुधौली के पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने हस्तक्षेप किया है। उन्होंने जिलाधिकारी और प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इस पूरे ‘रिपोर्ट बदलो खेल’ की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पूर्व विधायक के मैदान में आने से आयुष विभाग के अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

न्यायालय जाने की चेतावनी

पीड़ित मनोज सिंह ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और फर्जी रिपोर्ट को सही नहीं किया गया, तो वह न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन फाइलों में दब चुके इस खेल पर क्या एक्शन लेता है।

इसे भी पढ़ें: आईलैंड पर सोफिया अंसारी का जलवा, कॉरसेट ड्रेस में ढाया कहर

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...