कल देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट
IMD Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 अप्रैल को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के बदलते तेवर का अनुमान जताया है। पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के कई इलाकों में सक्रिय मौसम प्रणालियों के चलते बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा, जबकि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रह सकती है। ऊपरी हवा के चक्रवातों की सक्रियता के कारण मौसम में यह बदलाव साफ तौर पर महसूस किया जाएगा।
पूर्वोत्तर में तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में बुधवार को मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

पूर्वी भारत में भी बदलेगा मौसम, तेज हवाओं का असर
पूर्वी भारत के राज्यों पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और ओडिशा में 22 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इन इलाकों में गरज-चमक की गतिविधियां भी देखी जा सकती हैं। बिहार में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं, हालांकि वहां 24 और 25 अप्रैल को तेज आंधी का प्रभाव अधिक दिखाई देने की संभावना जताई गई है।
इसे भी पढ़ें: बंगाल में पर्यटन स्थलों को खाली कराने का आदेश
मध्य भारत में बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका
मध्य भारत के छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी व्यक्त की गई है, जिससे फसलों और स्थानीय गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। दक्षिण भारत के तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में 22 अप्रैल को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी का कहर जारी
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। इन इलाकों में लू चलने की संभावना है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी। फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: पुष्कर में शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ संपन्न
