बस्ती की बेटी रितिका ने पहले ही प्रयास में पीसीएस में हासिल की सफलता, बनीं असिस्टेंट कमिश्नर
Basti News: हर्रैया क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी रितिका शुक्ला ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। अपने पहले ही प्रयास में उन्होंने असिस्टेंट कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) जैसे प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के आगे कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं होता।
रितिका की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। जैसे ही चयन की खबर फैली, परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का उनके घर तांता लग गया। लोगों ने मिठाई बांटकर, फूल-मालाओं से स्वागत कर और ढेर सारी शुभकामनाएं देकर उनकी सफलता का जश्न मनाया। गांव और आसपास के इलाकों में भी खुशी की लहर देखी जा रही है।
बिना कोचिंग के हासिल की सफलता
रितिका शुक्ला की प्रारंभिक शिक्षा लिटिल फ्लावर्स कटरा से हुई। कक्षा 9 से 12 तक उन्होंने बालिका विद्या मंदिर राम बाग में पढ़ाई की। स्नातक और बीएड की शिक्षा आरसीसी डिग्री कॉलेज से पूरी की, जबकि एमएससी की डिग्री शिव हर्ष किसान पीजी कॉलेज बस्ती से प्राप्त की। खास बात यह है कि रितिका ने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के, अपने दम पर हासिल की है।
रितिका के पिता शिव सहाय शुक्ल अधिवक्ता हैं और माता गृहिणी हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि रितिका शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और अपने कठिन परिश्रम को दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने लगातार मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी की, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।
ग्रामीण बेटियों के लिए बनीं मिसाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि रितिका शुक्ला की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास किया जाए, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। खासकर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए रितिका एक मिसाल बनकर उभरी हैं, जिन्होंने साबित कर दिया कि वे किसी से कम नहीं हैं।
इसे भी पढ़ें: इंसानियत शर्मसार: 19 साल की भांजी से 45 साल के मामा का जबरन निकाह
शिक्षकों और समाज के बुद्धिजीवियों ने भी रितिका की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा लेकर अपने सपनों को साकार करने का प्रयास करेंगी।
रितिका शुक्ला की इस ऐतिहासिक सफलता ने बस्ती जिले को एक बार फिर गौरवान्वित किया है और यह साबित कर दिया है कि यहां की बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं।
इसे भी पढ़ें: Vastu Tips: इन छोटे-छोटे बदलावों से घर में लौट आएगी सुख-शांति
