सपा सांसद के डॉक्टर बहनोई पर नर्स से रेप का आरोप, 3 साल तक ब्लैकमेल कर किया दुष्कर्म

sambhal nurse accuses dr zaid

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने मानवीयता और भरोसे को तार-तार कर दिया है। समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के बहनोई और एक निजी अस्पताल के संचालक डॉ. जैद पर एक नर्स ने नशीली दवा देकर दुष्कर्म करने और तीन साल तक ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

नौकरी के बहाने जाल में फंसाने का आरोप

मुरादाबाद की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि उसने दिसंबर 2022 में संभल के दीपा सराय स्थित डॉ. जैद के बिस्मिल्लाह हॉस्पिटल में बतौर नर्स काम शुरू किया था। आरोप है कि नौकरी के दौरान ही डॉक्टर की नीयत खराब हो गई थी और उसने धीरे-धीरे पीड़िता को अपने प्रभाव में लेना शुरू कर दिया।

बेहोशी की हालत में लीं आपत्तिजनक तस्वीरें

पीड़िता के अनुसार, सितंबर 2022 में एक दिन जब उसकी तबीयत खराब थी, तब डॉ. जैद उसके कमरे में आए और उसे दवा दी। दवा खाने के बाद वह बेहोश हो गई। अगली सुबह जब उसे होश आया, तो डॉक्टर ने उसे कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर धमकाया। आरोपी ने कहा कि अगर उसने मुँह खोला तो उसकी नौकरी चली जाएगी और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी।

होटलों में ले जाकर किया शोषण

FIR में लगाए गए आरोपों के मुताबिक, अगले तीन सालों तक आरोपी डॉक्टर ने इन तस्वीरों के दम पर पीड़िता को ब्लैकमेल किया। वह उसे नैनीताल, हल्द्वानी, बरेली और रामपुर जैसे शहरों के होटलों में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी करता रहा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे बार-बार जबरन गर्भनिरोधक और गर्भपात की दवाएं खिलाई गईं ताकि उसके गुनाहों का कोई सबूत न बचे।

इसे भी पढ़ें: शेखा महरा ने बिजनेस में लहराया परचम और अब फ्रेंच मोंटाना के साथ नई शुरुआत

डर की दीवार टूटी, तो मिली हिम्मत

लगातार हो रहे शोषण से तंग आकर पीड़िता ने अगस्त 2024 में नौकरी छोड़ दी और मुरादाबाद चली गई। काफी समय तक वह दहशत और मानसिक दबाव में रही, लेकिन आखिरकार उसने अपनी माँ को पूरी सच्चाई बता दी। जब पीड़िता की माँ ने आरोपी के पिता मोहम्मद असलम से इस बारे में बात की, तो आरोप है कि उन्होंने मदद करने के बजाय गाली-गलौज कर उन्हें भगा दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।

संभल पुलिस ने मामले की गंभीरता और आरोपी के रसूख को देखते हुए तुरंत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: महिला सिपाही ने हेड कॉन्स्टेबल पर लगाया अपहरण और रेप की कोशिश का आरोप

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...