Ashok Kharat Baba: अप्सरा बताकर महिला का यौन शोषण, बंदूक की दम पर किसानों की हड़पी जमीन

nasik astrologer ashok kharat arrested

Ashok Kharat Baba: महाराष्ट्र के नासिक में मर्चेंट नेवी के स्वयंभू कैप्टन उर्फ ‘भोंदू बाबा’ अशोक खरात के काले कारनामों की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, पूरा प्रदेश सन्न है। खुद को त्रिकालज्ञानी और अवतारी पुरुष बताने वाले इस ढोंगी ने धर्म के नाम पर न केवल मासूमों को ठगा, बल्कि महिलाओं के सम्मान के साथ ऐसा खिलवाड़ किया, जिसकी कल्पना भी रूह कंपा देने वाली है।

तुम अप्सरा हो, तुम्हारा तलाक तय है

सरकारवाड़ा पुलिस थाने में दर्ज मामला किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। एक विवाहित महिला, जो पारिवारिक विवादों से मानसिक रूप से टूट चुकी थी, समाधान की तलाश में खरात के पास पहुंची। खरात ने अपनी तथाकथित दैवीय शक्ति का पासा फेंका और महिला से कहा- तुम साधारण स्त्री नहीं, पिछले जन्म की अप्सरा हो। तुम्हारे ग्रह-नक्षत्र बता रहे हैं कि तुम्हारा तलाक पहले से तय है।

तलाक के डर और ‘अप्सरा’ होने के झूठे भ्रम में फंसी महिला को खरात ने अपने जाल में पूरी तरह जकड़ लिया। धार्मिक अनुष्ठान, भविष्यवाणियों और तांत्रिक उपायों के नाम पर उसने महिला का लगातार यौन शोषण किया। जब महिला गर्भवती हो गई, तो खरात ने उसे अपने कार्यालय में बुलाकर जबरन गर्भपात की दवाएं दीं। उसने महिला को यह कहकर भी बहकाया कि उसके भाग्य में दो शादियां लिखी हैं और वह 2025 में उससे शादी करेगा।

nasik astrologer ashok kharat arrested

बंदूक की नोक पर साम्राज्य

अशोक खरात केवल एक ढोंगी बाबा ही नहीं, बल्कि मिरगांव इलाके का एक आतंक भी था। स्थानीय लोगों के अनुसार, खरात हर शनिवार और रविवार को अपने आलीशान फार्महाउस पर आता था। वह सुबह 10-12 किलोमीटर साइकिलिंग करता था, लेकिन इस दौरान उसकी कमर में हमेशा लोडेड बंदूक बंधी रहती थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उसने अपनी दहशत के दम पर कई किसानों की जमीनें हड़पीं और विरोध करने वालों पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाए।

नकली सांप, नकली चमत्कार और हाई-टेक ठगी

एसआईटी की जांच में खरात के पास से ऐसे उपकरण मिले हैं जो किसी को भी हैरान कर सकते हैं। वह लोगों को डराने के लिए मंदिर परिसर में नकली सांप और बाघ की खाल रखता था। खरात रिमोट से चलने वाले नकली सांपों का इस्तेमाल करता था। जब श्रद्धालु आते, तो वह सांप को रिमोट से हरकत करवाता और इसे अपना दैवीय चमत्कार बताता।

बाजार में 100 रुपये में मिलने वाले जंगली चिंचोके (बीज) को पॉलिश कर वह उन्हें ‘चमत्कारी रत्न’ बताकर 10 हजार से 1 लाख रुपये तक में बेचता था। उसकी संपत्तियों से अघोरी पूजा, काले जादू के साक्ष्य और कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं।

rupali chakankar controversy

150 विदेश यात्राएं और लग्जरी लाइफ

जांच एजेंसियां अब खरात की आलीशान जीवनशैली और उसके फंड के स्रोतों की जांच कर रही हैं। यह जानकर अधिकारी भी हैरान हैं कि इस ढोंगी बाबा ने लगभग 150 अंतरराष्ट्रीय यात्राएं की हैं। हाल ही में उसकी दक्षिण कोरिया यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं, जिसमें वह किसी आध्यात्मिक गुरु के बजाय एक आधुनिक और कूल टूरिस्ट के रूप में नजर आ रहा है। पुलिस को शक है कि इन महंगी यात्राओं का पैसा काला जादू, जबरन वसूली और ठगी के जरिए जुटाया गया था।

मामला और पेचीदा हो गया जब नासिक के गवलाने गांव के किसान विलास जाधव ने चौंकाने वाला आरोप लगाया। उन्होंने कहा, मेरे भाई की हत्या भोंदू बाबा अशोक खरात ने की थी। उस समय हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन खरात के बड़े लोगों से संबंध होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई।

जाधव के अनुसार, खरात द्वारा हड़पी गई जमीन के विवाद पर अदालत फैसला देने वाली थी, लेकिन फैसले से दो दिन पहले ही उनके भाई की संदिग्ध सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। 2022 में विलास जाधव के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

rupali chakankar controversy

दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा: सीएम फडणवीस

अशोक खरात का मामला अब महाराष्ट्र विधानसभा में भी गूंज उठा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन को आश्वासन दिया कि यह महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा, शुरुआत में महिलाएं डर के कारण सामने नहीं आ रही थीं, लेकिन अब शिकायतें आ रही हैं। जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

इसे भी पढ़ें: ढोंगी बाबा अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद रूपाली चाकणकर की मुश्किलें बढ़ीं

संरक्षण देने वाले अधिकारी भी हों आरोपी

कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि खरात को बड़े आईएएस, आईपीएस और मंत्रियों का संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने मांग की है कि खरात की गिरफ्तारी को रोकने की कोशिश करने वाले अधिकारियों को सह-आरोपी बनाया जाए और संबंधित मंत्रियों का इस्तीफा लिया जाए।

ट्रस्ट का काला खेल

खरात शिवनिका संस्थान का अध्यक्ष था। उसने पुराने ट्रस्टियों को हटाकर अपनी पत्नी और करीबियों को जगह दी थी। इस संस्थान की ट्रस्टी रह चुकीं रुपाली चाकणकर ने स्पष्ट किया है कि ट्रस्ट की अवधि अगस्त 2025 में ही समाप्त हो चुकी है। खरात की गिरफ्तारी के बाद ट्रस्ट का बोर्ड भी दफ्तर से गायब पाया गया है, जो बड़े वित्तीय हेरफेर की ओर इशारा करता है। नासिक पुलिस ने अब तक खरात पर तीन मामले दर्ज किए हैं। जांच जारी है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस ‘भोंदू बाबा’ के और भी कई काले कारनामे उजागर होंगे।

इसे भी पढ़ें:पाखंडी ज्योतिषी गिरफ्तार, तंत्र-मंत्र और सम्मोहन की आड़ में महिलाओं से रेप

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...