इमरान खान की बहन अलीमा खान को पाकिस्तान पुलिस ने आधी रात को किया गिरफ्तार
Newschuski Digital Desk: पाकिस्तान की राजनीतिक उठापटक लगातार बढ़ती ही जा रही है। पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख इमरान खान जब जेल में हैं, तब उनके परिवार और समर्थकों पर दबाव का दौर जारी है। ताजा घटना में, इमरान खान की बहनों पर जेल के बाहर ही कार्रवाई करते हुए अलीमा खान को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दरअसल, अदालत के आदेश के मुताबिक हर मंगलवार को इमरान खान से उनके करीबियों की मुलाकात होनी थी। इसी क्रम में इमरान की बहनें अलीमा खान और उनकी दूसरी बहनें मंगलवार की सुबह रावलपिंडी स्थित अडियाला जेल पहुंची थीं। लेकिन जब उनकी मुलाकात कराने से इनकार किया गया, तो उन्होंने जेल के बाहर शांतिपूर्ण धरना दे दिया।
इसके जवाब में आधी रात के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। इमरान खान की बहन अलीमा खान को गिरफ्तार कर लिया गया। यहीं नहीं, दिसंबर की कड़ाके की ठंड में वहां जमा इमरान समर्थकों पर पानी की बौछार भी की गई, ताकि वे वहां से हट जाएं।
गिरफ्तारी के वक्त अलीमा का तीखा बयान
गिरफ्तारी के दौरान अलीमा खान ने सीधे सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, मुनीर चाहे जितना जुल्म कर ले, जल्द ही इमरान के लिए लोग सड़कों पर उतरेंगे। ये मुल्क हमारा है… हम इमरान खान के साथ खड़े हैं। इंशाअल्लाह, बड़ी जल्द लोग सड़कों पर आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अब न तो कोई अदालत बची है और न कोई कानून। उनका आरोप था कि सत्ता में बैठे लोग हर रोज कानून तोड़ रहे हैं, और जब कोई रास्ता नहीं बचेगा तो लोग खुद अपना कानून बहाल कराएंगे।
इसे भी पढ़ें: सिर्फ कंटेंट क्रिएटर नहीं, कंटेंट रिफॉर्मर बनें
इमरान खान की बहनों के साथ-साथ पीटीआई के सैकड़ों समर्थक भी जेल परिसर के बाहर पहुंचे थे। उन्होंने सेना प्रमुख आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। समर्थकों ने कहा कि जिस तरह उनका नेता जेल के अंदर डटा हुआ है, वे भी बाहर उनके परिवार के साथ डटे रहेंगे।
इसे भी पढ़ें: अभिनेत्री नुसरत भरूचा के मंदिर जाने पर भड़के मौलाना
