बेसिक शिक्षा विभाग में जल्द होगी 4 हजार शिक्षकों की भर्ती, जानें क्या है तैयारी
लखनऊ। शिक्षक भर्ती की राह देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जल्द बेसिक शिक्षा विभाग में चार हजार शिक्षकों की भर्ती करने पर विचार कर रही है। इतना ही नहीं इसी के साथ ही राज्य में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को भी जल्द पूरा किया जाएगा। इस बात की जानकारी प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी ने आज यहां दी है।
मेरिट लिस्ट भी तैयार
बेसिक शिक्षा मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि 69000 शिक्षक भर्ती में रिक्त रह गए पदों को जल्द भरने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे पास इसके लिए योग्य अभ्यर्थी हैं और इसके लिए हमारी मेरिट लिस्ट भी तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि 69000 भर्ती के समय हमारी तरफ से 69 हजार अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी। उसी सूची के तहत ये भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक 1.25 लाख शिक्षकों की भर्ती हमारे विभाग ने की है।
इसे भी पढ़ें: राष्ट्रीय शिक्षा नीति में ‘लर्निंग टू लर्न’ पर विशेष ध्यान देने की जरूरत: अमित खरे
नौकरी को लेकर खूब हुए प्रदर्शन
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी सरकार में सबसे ज्यादा अगर किसी बात को लेकर प्रदर्शन हुए हैं तो उसमें सबसे ज्यादा शिक्षक भर्ती को लेकर हुए। मजे की बात यह रही कि अन्य सरकारों में वेतन वृद्वि की मांग को लेकर प्रदर्शन होते थे, लेकिन बीजेपी सरकार में भर्ती करने को लेकर प्रदर्शन हो रहे है। हालांकि सरकार की तरफ से समय समय पर भर्ती करने के आंकड़े प्रस्तुत कर सरकार की उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं। जबकि सच यह है कि भर्ती न होने की स्थिति के चलते युवाओं में सरकार के खिलाफ आक्रोश साफ देखा जा रहा है। वैसे अब चुनावी वर्ष शुरू हो चुका है। इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि कितने बेरोजगारों की आस पूरी हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें: बीजेपी ने जारी किया मेनिफेस्टो, ममता को सत्ता से बेदखल करने का पूरा प्लान, जानें क्या-क्या किया वादा
