नयी दिल्ली। एक तरफ कोरोना संक्रमण ने पूरी दुनिया में हाहाकार मचा रखा है वहीं दूसरी कोरोना से होने वाले अन्य संक्रमणों ने भी लोगों की जान सांसत में डाल दी है। राजधानी दिल्ली के सर गंगाराम चिकित्सालय में व्हाइट फंगस के कारण कोरोना के मरीज की पूरी आंत में अनेक छेद हो गये है। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि यह दुनिया का पहला ऐसा मामला है। इस मामले के सामने आने के बाद चिकित्सकों और लोगों की चिंताएं ओर अधिक बढ़ गई है। अस्पताल में इंस्टीट्यूट ऑफ गेस्ट्रोएंट्रोलॉजी ऐंड पेनक्रिएटिकोबिलेरी साइंसेस के चेयरमैन डॉ. अनिल अरोड़ा ने बताया कि जहां तक हमें जानकारी है, कोरोना वायरस संक्रमण में व्हाइट फंगस (कैंडिडा) के कारण भोजन की नली, छोटी आंत, बड़ी आंत में कई छेद होने जैसा मामला इससे पहले कभी सामने नहीं आया।

इन्हें भी देखें :—फेरों से पहले हुई दुल्हन की मौत, छोटी बहन से करा दी शादी, एक तरफ उठी डोली तो दूसरी तरफ अर्थी

उन्होंने कहा कि 49 वर्षीय महिला को पेट में बहुत अधिक दर्द, उल्टी तथा कब्ज की शिकायत के चलते 13 मई को एसजीआरएस में भर्ती कराया गया था। स्तन कैंसर के कारण पिछले वर्ष दिसंबर में उनका स्तन निकाला गया था और चार हफ्ते पहले तक उनकी कीमोथैरेपी हुई थी।

डॉ. अरोड़ा ने बताया कि मरीज के पेट का सीटी स्कैन करने पर पता चला कि पेट में पानी और हवा है जो आंत में छेद की वजह से होता है। अगले दिन मरीज की सर्जरी की गई। इसमें भोजन की नली के निचले हिस्से में भी छेद पाए गए। छोटी आंत के एक हिस्से में गैंगरीन होने के चलते उस हिस्से को निकाला गया। महिला में कोविड-19 की एंटीबॉडी का स्तर काफी अधिक पाया गया। महिला में फंगस की शिकायत पाए जाने के बाद उन्हें एंटी फंगल दवाएं दी गईं और अब उनकी हालत बेहतर है।

इन्हें भी देखें :—नारद जयंती (27 मई) पर विशेष: लोकमंगल के संचारकर्ता हैं नारद

डॉ. अरोड़ा ने बताया कि कोविड-19 के बाद फंगल संक्रमण (ब्लैक फंगस) के मामले तो सामने आए हैं लेकिन व्हाइट फंगस के कारण आंत में गैंगरीन तथा भोजन की नली में छेद जैसा मामला इससे पहले कभी सामने नहीं आया। महिला के कैंसर ग्रस्त होने, उनकी कीमाथैरेपी होने तथा इसके बाद कोरोना वायरस संक्रमण होने की वजह से महिला की रोग प्रतिरोधक क्षमता बहुत कमजोर हो चुकी थी। सर्जरी के चलते मरीज की आंतों के छेद बंद कर दिए गए हैं। अब उसका एंटीफंगल ट्रीटमेंट शुरू किया गया है। उसकी हालत स्थिर है और उम्मीद है कि कुछ दिनों में उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

देश में ब्लैक फंगस के मामले 12 हजार के करीब

देश में कोरोना वायरस महामारी के साथ ब्लैक फंगस के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं और अब तक देशभर में ब्लैक फंगस के कुल मामलों की संख्या 11717 हो गई है। इसमें सबसे ज्यादा 2859 मामले मामले गुजरात में सामने आए हैं।

Spread the news