Uttam Nagar Murder Case: आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर, अब तक 7 गिरफ्तार
Uttam Nagar Murder Case: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुए विवाद में युवक तरुण की हत्या के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों और हिंदू संगठनों की मांग पर दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके घरों पर बुलडोजर चला दिया।
होली के झगड़े ने ली जान
दरअसल, 4 मार्च को उत्तम नगर जेजे कॉलोनी में होली खेल रही सात साल की बच्ची ने अपनी बालकनी से पानी का गुब्बारा फेंका था, जिसके छींटे दूसरे समुदाय की एक महिला पर पड़ गए। इस बात को लेकर महिला ने विवाद शुरू कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने तुरंत माफी भी मांगी, लेकिन महिला ने अपने परिजनों को बुलाकर हमला कर दिया।
इसी बीच डिजिटल मार्केटिंग की पढ़ाई कर रहे 26 वर्षीय तरुण कुमार जब घर लौट रहे थे, तो आरोपियों ने उन्हें घेरकर बुरी तरह पीटा। तरुण ने 5 मार्च को अस्पताल में दम तोड़ दिया।
परिवार ने मांगी थी योगी मॉडल में कार्रवाई
तरुण के पिता ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की थी कि आरोपियों के खिलाफ योगी मॉडल में कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोपियों का एनकाउंटर करने, उनके घर बुलडोजर से गिराने और पूरी संपत्ति सीज करने की मांग की थी। जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया।
दिल्ली – होली पर हुए तरुण हत्याकांड के एक आरोपी उमरदीन के घर का अवैध हिस्सा आज ध्वस्त किया गया। तनाव के मद्देनजर इलाके में पुलिस फोर्स तैनात रही। https://t.co/6ln5j6R0UU pic.twitter.com/4fG1oZXhG2
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) March 8, 2026
अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उमरदीन (49), जुम्मादीन (36), मुस्ताक (46), कमरुद्दीन (36), मुजफ्फर (25), ताहिर (18) और एक नाबालिग शामिल है। उमरदीन, जुम्मादीन और कमरुद्दीन सगे भाई हैं, जबकि मुजफ्फर उमरदीन का बेटा है।
50 साल से जानते हैं एक-दूसरे को
पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों पक्ष 50 साल से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों परिवार 1965 में राजस्थान से दिल्ली आए थे और 2004 से उत्तम नगर में रह रहे हैं। पहले भी पार्किंग और कूड़ा डालने को लेकर इनके बीच विवाद होते रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: CM योगी ने लॉन्च किया पिंक रोजगार महाकुंभ
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है। शुक्रवार को आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ और वाहनों में आगजनी की घटनाएं हुई थीं। फिलहाल पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात कर दी गई हैं। डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
नेताओं ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात
शनिवार को दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त लॉ एंड ऑर्डर मधुप तिवारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें कार्रवाई की जानकारी दी। वहीं, भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत और दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने भी परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सहरावत ने कहा कि मामले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने इलाके के लोगों से किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें: भारत में अरबपतियों की संख्या बढ़कर 308 हुई
