Middle East तनाव का असर, कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई बंद, घरेलू गैस पर भी कटौती

commercial lpg cylinder price hike

Lucknow News: मध्य पूर्व (Middle East) में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालातों ने अब आम आदमी की रसोई तक असर दिखाना शुरू कर दिया है। वैश्विक स्तर पर एलपीजी (LPG) गैस की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने बड़ा फैसला लेते हुए गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर अंकुश लगा दिया है।

होटल-रेस्तरां को झटका, 19 किलो सिलेंडर बंद

ताजा निर्देशों के मुताबिक, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडरों की सामान्य आपूर्ति पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इसका सीधा असर होटल, रेस्तरां, ढाबा और पटरी कारोबारियों पर पड़ेगा, जिन्हें अब यह सिलेंडर आसानी से नहीं मिल सकेगा। हालांकि, मानवीय आधार पर केवल अस्पतालों और छात्रावासों (हॉस्टल) को ही विशेष अनुमति के साथ कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति जारी रखने का फैसला किया गया है।

घरेलू गैस पर भी कटौती के आसार

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी बुरी खबर है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के कोटे में 20 से 25 फीसदी तक की कटौती का निर्देश दिया गया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने ‘एक वित्तीय वर्ष में 12 सिलेंडर’ के पुराने नियम को अब कड़ाई से लागू कर दिया है। जिन उपभोक्ताओं ने चालू वित्तीय वर्ष में अपने कोटे के 12 सिलेंडर ले लिए हैं, उनकी नई बुकिंग पर सिस्टम ने ऑटोमैटिक रोक लगा दी है।

बैठक में लिए गए अहम फैसले

सोमवार को पेट्रोलियम कंपनियों के राज्य स्तरीय अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों के बीच हुई एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक में इन बंदिशों की जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि युद्ध के चलते बिगड़ते वैश्विक हालातों को देखते हुए गैस की राशनिंग अनिवार्य हो गई है।

ओटीपी सिस्टम अनिवार्य

पारदर्शिता बनाए रखने और कालाबाजारी रोकने के लिए अब केवल टोल-फ्री नंबर और आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए ही बुकिंग स्वीकार की जा रही है। सिलेंडर की डिलीवरी के समय ग्राहक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आने वाला ओटीपी (OTP) अनिवार्य कर दिया गया है। बिना ओटीपी वेरिफिकेशन के सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: रिहाना के घर के बाहर गोलीबारी

प्रशासन ने बुलाई बैठक

गोरखपुर के जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडर पर रोक की लिखित पुष्ट सूचना अभी कंपनियों से नहीं मिली है, लेकिन मंगलवार को पेट्रोलियम कंपनियों और एजेंसी संचालकों की एक बड़ी बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में गैस के स्टॉक, राशनिंग और आपूर्ति की खामियों की समीक्षा की जाएगी ताकि आम जनता को कम से कम परेशानी हो।

इन फैसलों से साफ है कि आने वाले दिनों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर लोगों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। होटल-रेस्तरां कारोबारियों की परेशानी फिलहाल तो बढ़ती ही दिख रही है।

इसे भी पढ़ें: Lucknow News: 2 मार्च से गायब हैं रामकेवल चौहान

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...