गौरव तिवारी

UP Elections 2022: चुनाव में जीत हासिल करने के भी कई रास्ते होते हैं। राजनीतिक दलों को जहां जिताऊं उम्मीदवारों की तलाश होती है, वहीं प्रत्याशी भी सुरक्षित ठिकाना पाने के लिए किसी भी दल में जाने में कोई संकोच नहीं कर रहे हैं। चुनाव में जीत दो समीकरणों पर ज्यादा निर्भर करता है। जीत के लिए प्रत्याशी और पार्टी की छवि काफी मायने रखती है। ऐसे में इन दोनों के तालमेल में संतुलन बिगड़ने पर जीत को हार में बदलने में देरी नहीं लगती। गोंडा जनपद के करनैलगंज विधानसभा सीट पर बीजेपी की तरफ से गलत प्रत्याशी के चयन के बाद यहां पार्टी की जीत हार में बदलती नजर आ रही है। पैसे के बदौलत अजय कुमार सिंह को प्रत्याशी घोषित किए जाने से निष्ठावान पार्टी के नेता खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। वहीं कार्यकर्ता और जनता भी बीजेपी के इस फैसले से असंतुष्ट नजर आ रहे हैं।

अजय कुमार सिंह को भाजपा से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद से लोगों का आक्रोश सतह पर आ गई है। एक-एक करके बीजेपी के कद्दावर नेता पार्टी का दामन छोड़ रहे हैं। अजय कुमार सिंह के सामने जनता के बीच अपने पक्ष में माहौल बनाने के साथ-साथ पार्टी के नेताओं को मनाने की चुनौती है। वहीं पार्टी सूत्रों की मानें तो पहले प्रयास में टिकट मिलने से अजय कुमार सिंह का गुरूर सातवें आसमान पर है। उन्हें पार्टी के कद्दावर नेता नहीं नजर आ रहे हैं। कुछ लोगों की भीड़ के साथ वह चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अजय कुमार सिंह का यही गुरूर उन्हें ले डूबेगा। इसका खामियाजा बीजेपी को भी एक सीट गंवा कर भुगतना पड़ेगा।

इसे भी पढ़ें: टिकट कटने पर समर्थकों ने सपा का झंडा फूंककर जताया विरोध

पार्टी सूत्रों की मानें तो जनता के बीच जाने के लिए अजय कुमार सिंह के पास अपनी न तो कोई नीति है और न ही नीयत। वह लोगों से कहते फिर रहे हैं कि मोदी की नीतियों से चुनाव जीत जाएंगे। उनके इस बयान से साफ हो जाता है कि इस चुनाव में उनका अपना कोई विजन नहीं है। बता दें कि अजय कुमार सिंह की पत्नी परसपुर विकासखंड से ब्लॉक प्रमुख हैं। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के तौर पर अजय कुमार सिंह ही पत्नी की जगह उनके कामकाज को देख रहे हैं। आलम यह है कि क्षेत्र में ब्लॉक स्तर से कोई विकास कार्य नहीं हो पा रहा है। आरोप है कि विकास के मद में आने वाले पैसे को अजय कुमार सिंह हड़प जाते हैं। कुछ लोगों का कहना है कि विकासखंड का सारा पैसा हड़प कर अजय कुमार सिंह करनैलगंज सीट से चुनाव जीतने के लिए खर्च कर रहे हैं। फिलहाल जनता अजय कुमार सिंह की इस चालबाजी को बाखूबी समझ रही है और यही कारण है कि क्षेत्र में उनका विरोध भी देखा जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: बीजेपी का मुफ्त सिलेंडर तो सपा ने खेला फ्री पेट्रोल-सीएनजी का दांव

Spread the news