रिहाना के घर के बाहर गोलीबारी, पुलिस ने संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया
Newschuski Digital Desk: हॉलीवुड की मशहूर पॉप सिंगर रिहाना के घर के बाहर गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अमेरिका के बेवर्ली हिल्स स्थित सिंगर के आवास के बाहर एक महिला ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रविवार 8 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1:21 बजे की है। हमलावर महिला ने घर के गेट के सामने सड़क की दूसरी तरफ खड़ी एक कार से करीब 10 गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली घर की दीवार को पार कर गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
घटना के वक्त रिहाना घर पर मौजूद थीं
खबरों के अनुसार, घटना के समय रिहाना अपने घर पर ही मौजूद थीं। फायरिंग की सूचना मिलते ही लॉस एंजेलिस पुलिस डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने करीब 30 वर्षीय एक महिला संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस हमले के पीछे क्या मकसद था और क्या यह किसी व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा है।
सेलिब्रिटीज के घरों को निशाना बनाने की बढ़ती घटनाएं
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में सेलिब्रिटीज के घरों को निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ी हैं। भारत में भी पिछले साल सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट्स स्थित घर के बाहर फायरिंग हुई थी। इसके अलावा कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्तरां ‘कैप्स कैफे’ और फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर को भी निशाना बनाया गया था। इन घटनाओं के बाद कई सेलिब्रिटीज की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
इसे भी पढ़ें: 2 मार्च से गायब हैं रामकेवल चौहान, परिजनों ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार
हाल ही में तीसरी बार मां बनी थीं रिहाना
वर्क और पर्सनल लाइफ की बात करें तो रिहाना सितंबर 2025 में तीसरी बार मां बनी थीं। उन्होंने 13 सितंबर 2025 को अपने तीसरे बच्चे को जन्म दिया था। रिहाना अपने पार्टनर ASAP Rocky के साथ अपने परिवार को लेकर काफी खुश नजर आती हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वह हमेशा सोचती थीं कि पहले शादी होगी और फिर बच्चे होंगे, लेकिन जिंदगी हमेशा प्लान के मुताबिक नहीं चलती।
इसे भी पढ़ें: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई हमले में घायल
