प्राइवेट तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने वाली शिवांगी यादव FIR होते ही फरार
Etawah News: यूपी के इटावा में पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाली सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर शिवांगी यादव अब बुरी तरह कानूनी शिकंजे में फंस गई है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शिवांगी समेत छह लोगों पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके बाद शिवांगी यादव फरार हो गई है। शिवांगी उर्फ अश्वी यादव सोशल मीडिया में रील बनाकर काफी समय से सुर्खियां बटोर रही थी। जसवंतनगर निवासी आशुतोष उर्फ टोनू यादव ने उस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
टोनू ने बताया कि शिवांगी यादव ने उसकी प्राइवेट तस्वीरें लेकर वायरल करने की धमकी दी और डेढ़ करोड़ रुपये वसूल लिए। इसके बाद भी वह पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांग कर परेशान कर रही है। टोनू ने अदालत में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इस पर कोर्ट ने पुलिस को एक्शन लेने के आदेश दिए हैं।
इसे भी पढ़ें: यूपी में पतियों की हत्या के जुर्म में दो पत्नियों और उनके प्रेमियों को सुनाई गई फांसी की सजा
छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी शिवांगी यादव, नीतू सिंह यादव, शिवम यादव, गीतांजलि जादौन, अभिषेक यादव और एक अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। बता दें कि टोनू यादव का भाई सोनू यादव जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि है।
वहीं दूसरी ओर, शिवांगी यादव के घर में घुसकर फायरिंग करने में फ्रेंड्स कॉलोनी थाने पर आशुतोष यादव समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो लोगों को जेल भेज दिया है। एसएसपी का कहना है कि शिवांगी यादव और आशुतोष यादव एक दूसरे पर सोशल मीडिया पर आरोप लगाकर पुलिस से शिकायतें और मुकदमे लिखवा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: स्वाद और सेहत का अनोखा संगम है सिंघाड़ा
