प्रो. गोविंद सिंह उत्तराखंड भाषा संस्थान में सदस्य नामित, संजय द्विवेदी ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली। भारतीय जन संचार संस्थान के डीन (अकादमिक) प्रो. गोविंद सिंह को उत्तराखंड भाषा संस्थान में सदस्य के तौर पर नामित किया गया है। इस संस्थान के अध्यक्ष उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत हैं। आईआईएमसी के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने इस उपलब्धि पर प्रो. गोविंद सिंह को शुभकामनाएं दी हैं।

उत्तराखंड सरकार ने हिंदी, उर्दू, पंजाबी एवं लोकभाषा के 12 प्रख्यात भाषाविदों एवं साहित्यकारों को इस बोर्ड में नामित किया है। इस अवसर पर आईआईएमसी के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने कहा कि प्रो. गोविंद सिंह भारतीय भाषाओं की पत्रकारिता के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रो. सिंह को उत्तराखंड भाषा संस्थान का सदस्य नियुक्त किये जाने पर पूरा आईआईएमसी परिवार गर्व महसूस कर रहा है।

प्रो. गोविंद सिंह देश के वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया प्राध्यापक हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया, टेलीविजन एवं मीडिया शिक्षण का लगभग 40 वर्षों का अनुभव है। वे ‘नवभारत टाइम्स’, ‘अमर उजाला’ और ‘हिन्दुस्तान’ जैसे देश के प्रमुख अखबारों के संपादक रहे हैं। इसके अलावा प्रो. सिंह ‘ज़ी न्यूज़’ और ‘आज तक’ के भी संपादक रहे हैं। साथ ही वे उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय, जम्मू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष भी रहे हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...