नितिन नबीन बने भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, जानें बीजेपी अध्यक्षों का कैसा रहा है इतिहास

nitin nabain elected bjp national president

Newschuski Digital Desk: मंगलवार को भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आज मंगलवार को बिहार के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। महज 45 साल की उम्र में यह जिम्मेदारी पाने वाले वे पार्टी के इतिहास के सबसे युवा अध्यक्ष बन गए हैं।

इस बड़े मौके पर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद थे। नबीन जी को निर्विरोध चुना गया है और वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।

कैसी रही चुनाव की प्रक्रिया

दरअसल, पार्टी में 30 राज्य अध्यक्षों के चुनाव के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव का रास्ता साफ हुआ था। 16 जनवरी को चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया और सोमवार को नामांकन हुए। नितिन नबीन के पक्ष में कुल 37 नामांकन पत्र मिले, जिनमें खुद प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे शीर्ष नेता प्रस्तावक भी थे।

nitin nabain elected bjp national president

नितिन नबीन कौन हैं

नितिन नबीन बिहार की राजनीति का एक जाना-माना चेहरा हैं। वे पटना के बांकीपुर से विधायक हैं और लगातार पांच बार यह सीट जीत चुके हैं। पिछले चुनाव में तो उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी को 51,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। उनके पिता स्वर्गीय नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी भाजपा के सम्मानित नेता थे। फिलहाल वे बिहार सरकार में सड़क निर्माण और शहरी विकास मंत्री हैं और पार्टी में उनकी पकड़ बेहद मजबूत मानी जाती है।

इसे भी पढ़ें: ऑटो सेक्टर की बड़ी गिरावट, दिसंबर में इन 6 मशहूर कारों का नहीं खुला खाता

भाजपा के अध्यक्ष पद का सफरनामा

भाजपा के अध्यक्ष पद का इतिहास काफी दिलचस्प रहा है। अटल बिहारी वाजपेयी जी के समय से शुरू हुआ यह सफर आज नितिन नबीन तक पहुंचा है। बीच में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कुशाभाऊ ठाकरे, वेंकैया नायडू, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जे.पी. नड्डा जैसे दिग्गज इस पद पर रह चुके हैं। हर अध्यक्ष ने पार्टी को अपने-अपने तरीके से आगे बढ़ाया है। एक वक्त था जब पार्टी सिर्फ 2 सीटों पर सिमटी थी, आज वह दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।

नए अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन पर पार्टी को आगे बढ़ाने और 2029 के लोकसभा चुनावों की तैयारी की बड़ी जिम्मेदारी है। देखना यह है कि सबसे युवा अध्यक्ष के तौर पर वे पार्टी के लिए कौन से नए कीर्तिमान गढ़ते हैं।

इसे भी पढ़ें: प्रतीक यादव के अकाउंट से अपर्णा यादव के खिलाफ फिर विवादित पोस्ट

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...