यूपी के 400 से ज्यादा आईएएस अफसरों ने नहीं दी संपत्ति ब्योरा, योगी सरकार के तेवर सख्त
Lucknow News: योगी आदित्यनाथ सरकार ने आईएएस अधिकारियों द्वारा संपत्ति का ब्योरा देने में लापरवाही बरतने को गंभीरता से लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार ने नियुक्ति विभाग के जरिए एक आंतरिक अलर्ट जारी कर उन सैकड़ों अफसरों को सख्त निर्देश दिए हैं, जिन्होंने अनिवार्य रूप से संपत्ति का ब्योरा दर्ज नहीं कराया है।
दरअसल, सभी आईएएस अधिकारियों को हर साल अर्जित की गई अपनी चल-अचल संपत्तियों का विवरण स्पैरो (SPARROW) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन दर्ज करना होता है। वर्ष 2025 में अर्जित संपत्ति की जानकारी 31 जनवरी तक देनी थी।
चौंकाने वाला आंकड़ा: यूपी कैडर के कुल 683 आईएएस अफसरों में से मात्र 240 ने ही इस जानकारी को समय पर अपलोड किया है। जबकि 443 अफसरों ने अभी तक पोर्टल पर अपना संपत्ति ब्योरा दर्ज नहीं किया है। इनमें से 12 अधिकारी ऐेसे हैं, जिन्होंने जानकारी ड्राफ्ट के रूप में तो भर दी है, लेकिन उसे फाइनल सबमिट नहीं किया है।
सरकार ने इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत जानकारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं। नियुक्ति विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद भी जानकारी न देने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
इसे भी पढ़ें: महर्षि वाल्मीकि की सच्ची कहानी
पंचायत चुनाव की तैयारी, निर्वाचन आयोग में दो अफसर तैनात
इस बीच, आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों को देखते हुए राज्य सरकार ने राज्य निर्वाचन आयोग में दो पीसीएस अधिकारियों की तैनाती की है। एसडीएम कन्नौज, अविनाश गौतम और एसडीएम रायबरेली, अभिषेक वर्मा को आयोग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कदम चुनाव प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
इसे भी पढ़ें: शिखर धवन ने सोफी शाइन के साथ कर ली सगाई
