कैफे मालिक शिवा शर्मा की हत्या में मॉडल गर्लफ्रेंड समेत चार पर FIR, जानें कौन है श्रद्धा दुबे
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के अलीगंज की चिकन कारोबारी के बेटे और आंगन कैफे मालिक शिवा शर्मा की हजरतगंज के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में पिटाई के बाद चौथे तल से फेंककर हत्या कर दी गई। इस मामले में उसकी मॉडल गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे का नाम सामने आ रहा है। शिवा की मां ने आरोप लगाया कि श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, चालक आदिल आदि ने मिलकर बेटे शिवा की हत्या की है। बेटे की दोनों आंखें फोड़ दी गईं। कान से खून निकल रहा था। पूरे शरीर पर चोटों और सिगरेट से जलाने तथा लिपस्टिक के निशान थे। बेटे की पसलियां, पैर सब टूटे थे। जबड़ा भी टूटा था। आशंका है कि आरोपियों ने बेटे को पहले पीटा, फिर चौथे तल से फेंककर उसकी हत्या कर दी।
बेटा श्रद्धा से अलग रहना चाहता था: मां
रंजना के मुताबिक बेटा श्रद्धा से अलग रहना चाहता था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी। बेटा जब घर आने की बात करता तो वह उसे धमकी देती थी। ऊंची पहुंच का हवाला देकर बेटे को झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी। इसलिए बेटा डरता था। वह डर के मारे उसके साथ रह रहा था। शिवा की मां ने बताया कि केजीएमयू में बेटे का शव अर्द्धनग्न हालत में था। उसके शरीर पर केवल नेकर ही थी। उसके शरीर पर जगह-जगह महिलाओं का मेकअप भी लगा था। बेटा यदि चौथे तल से गिरा तो नेकर में कैसे और क्यों था? उसके शरीर पर मेकअप कैसे आया? शरीर पर इतने चोट के निशान कैसे आए? यह सवाल रंजना को परेशान कर रहे हैं।

मॉडल और इंफ्लुएंसर हैं श्रद्धा दुबे
शिवा शर्मा की हत्या की आरोपी मॉडल और इंफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे ने लखनऊ से जयपुर और दिल्ली में स्टेज परफॉर्मेंस कर तमाम सुर्खियां बटोरीं। इंस्टा पर श्रद्धा के करीब डेढ़ लाख फॉलोअर हैं। साथ ही 699 पोस्ट और 421 फॉलोइंग हैं। उसने लखनऊ के एक कैफे का उद्घाटन भी किया। वह कैफे भी अराजकता का अड्डा बन गया। इंस्टा आईडी पर श्रद्धा के जन्मदिन 21 अक्तूबर पर कई मॉडल और अभिनेताओं के वीडियो बधाई संदेश भी मौजूद हैं। अभिनेता और मॉडल रजनीश दुग्गल, अस्मित पटेल व कई अन्य हस्तियों के बधाई संदेश पोस्ट किए गए।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार टीमें
एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि शिवा की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर उसकी लिवइन पार्टनर श्रद्धा दुबे समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हैं। तलाश में चार टीमें दबिश दे रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिवा की मां रंजना शर्मा अलीगंज कपूरथला में चिकन कारोबारी हैं। रंजना ने तहरीर में पुलिस को बताया है कि बेटा शिवा बुधवार से घर नहीं आया था। वह श्रद्धा के साथ उसके फ्लैट पर रुक जाता था।
इसे भी पढ़ें: यूं ही नहीं हो रहा है सीईसी ज्ञानेश कुमार का विरोध
शुक्रवार रात श्रद्धा और आदिल ने कॉल करके बताया कि शिवा की तबियत अचानक खराब हो गई है। उसे केजीएमयू लेकर जा रहे हैं। रंजना तुरंत ही केजीएमयू पहुंची। रंजना का कहना है कि वहां पर श्रद्धा का चालक व अन्य लोग परिसर में खड़े थे। जब वह अंदर गईं तो डॉक्टर ने शिवा को मृत बताया। रंजना का आरोप है कि इस बीच जब वह बाहर आईं तो सभी आरोपी फरार थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें: व्हाइट हाउस में कैरोलिन लेविट की जगह लेंगी केटी
