योगी सरकार का बड़ा फैसला, छात्रों को सीधे गाइड करेंगे IAS-IPS अफसर

IAS IPS Guidance

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा देने और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने एक अनूठी व महत्वाकांक्षी पहल की शुरुआत की है। इस योजना के तहत राज्य में तैनात भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय वन सेवा (IFS) के युवा अधिकारी इंटरमीडिएट (12वीं) स्तर के विद्यार्थियों के साथ सीधा और नियमित संवाद करेंगे। अफसर छात्रों को करियर काउंसलिंग देने के साथ-साथ जीवन में सफलता के मूल मंत्र भी सिखाएंगे।

माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने महानिदेशक (स्कूल शिक्षा) को कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। साथ ही सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

हर महीने की 5 तारीख को शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट

मुख्य सचिव कार्यालय से जारी निर्देशों के मुताबिक, प्रत्येक जिले के जिलाधिकारी (DM) हर महीने युवा अधिकारियों के स्कूल दौरों का एक विशेष कैलेंडर तैयार करेंगे। जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जिले में तैनात सभी युवा अधिकारी इस पहल में अनिवार्य रूप से भाग लें। इसके साथ ही, हर महीने की 5 तारीख तक शासन को एक रिपोर्ट भेजी जाएगी, जिसमें आयोजित कार्यक्रमों की संख्या, स्कूलों के नाम, शामिल अधिकारियों का विवरण और छात्रों द्वारा दिए गए सुझावों की पूरी जानकारी दर्ज होगी।

JEE, NEET से लेकर UPSC तक की मिलेगी टिप्स

संवाद के दौरान युवा अधिकारी विद्यार्थियों को उनकी जिज्ञासाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के व्यावहारिक तरीके बताएंगे। छात्रों को निम्नलिखित विषयों पर विशेष मार्गदर्शन मिलेगा।

प्रतियोगी परीक्षाएं: UPSC, UPPSC, UPSSSC, NDA, JEE, NEET, CUET और SSC जैसी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय परीक्षाओं की रणनीति।

करियर व लक्ष्य निर्धारण: उच्च शिक्षा, व्यावसायिक पाठ्यक्रम, तकनीकी शिक्षा, उद्यमिता और स्टार्टअप्स के नए अवसर।

सॉफ्ट स्किल्स व सुरक्षा: वित्तीय साक्षरता, प्रभावी संचार कौशल, समय प्रबंधन, तनाव मुक्ति, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा।

इसे भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा फैसला, छात्रों को सीधे गाइड करेंगे IAS-IPS अफसर

अफसरों के अनुभव बनेंगे प्रेरणा का स्रोत

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि अधिकारियों के अपने जीवन के संघर्ष, सफलता की कहानियाँ और कार्यशैली छात्रों के लिए बहुत बड़े प्रेरणास्रोत सिद्ध होंगे। सीधे संवाद से विद्यार्थियों के मन से प्रशासनिक सेवाओं का झिझक-डर दूर होगा और उनमें आत्मविश्वास, आत्मानुशासन व एक सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास होगा।

इसे भी पढ़ें: नशे के विरुद्ध एक अभियान

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...