नई दिल्ली: गुजरात के भरूच जिले में बीती रात रासायनिक कारखाने में हुए विस्फोट में छह मजदूरों की मौत हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक घटना रविवार देर रात की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह घटना अहमदाबाद से करीब 235 किलोमीटर दूर दहेज औद्योगिक क्षेत्र स्थित इकाई में रविवार देर रात करीब तीन बजे हुई। भरूच पुलिस अधीक्षक लीना पाटिल ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में मारे गए छह मजदूर उस संयंत्र के करीब काम कर रहे थे, जिसमें विलायक आसवन प्रक्रिया के दौरान अचानक विस्फोट हो गया।

उन्होंने बताया कि संयंत्र में विस्फोट के कारण कारखाने में आग लग गई। आग की चपेट में आने से संयंत्र के निकट काम कर रहे सभी छह लोगों की मौत हो गई। सभी शवों को बरामद करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में अन्य किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

इसे भी पढ़ें: लड़की का अपहरण कर गैंगरेप

Spread the news