अलवर के भिवाड़ी में गत्ता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 7 मजदूर जिंदा जले, कई अब भी लापता
अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में सोमवार सुबह एक गत्ता फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके को दहला दिया। टपूकड़ा स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की इस फैक्ट्री में आग लगने से 7 मजदूरों की जलकर मौत हो गई। हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। अभी भी कई मजदूर लापता बताए जा रहे हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे खुशखेड़ा गत्ता फैक्ट्री में आग लगी। 9:22 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम से रीको फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री के अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचना मुश्किल हो गया।
जब तक दमकल और राहत टीमें पहुंचती, तब तक काफी नुकसान हो चुका था। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फैक्ट्री से जले हुए शव बरामद किए गए। चश्मदीदों ने बताया कि कई शव ऐसे मिले जो पूरी तरह जलकर मानव कंकाल जैसे हो गए थे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।
प्रशासन ने शुरू की जांच, मजिस्ट्रेट जांच के संकेत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण, एडीएम सुमिता मिश्रा समेत प्रशासनिक अधिकारी, दमकल दल और चिकित्सकीय टीमें मौके पर पहुंच गईं। क्षेत्र की घेराबंदी कर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
इसे भी पढ़ें: विपक्षी पार्टी को वोट देने पर तीन बच्चों की मां के साथ गैंगरेप
पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण ने हादसे में 7 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। एडीएम सुमिता मिश्रा ने कहा, पुलिस टीम ने नियमित गश्त के दौरान कारखाने में आग लगी देखी, जिसके बाद तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। कारखाने में नौ लोग फंसे हुए थे, अब तक सात शव निकाले जा चुके हैं। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए गए हैं। इस हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
इसे भी पढ़ें: तारिक रहमान के शपथ ग्रहण में ओम बिरला जाएंगे बांग्लादेश
