Chhath Puja 2026: कौन हैं छठी मैया और सूर्यदेव से क्या है उनका रिश्ता? जानें राजा प्रियव्रत की पौराणिक कथा

Chhath Puja 2026

Chhath Puja 2026: लोक आस्था का महापर्व छठ मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अत्यंत श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस चार दिवसीय पर्व में भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठी मैया की पूजा का विशेष विधान है। व्रती अपने परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि छठी मैया कौन हैं और उनका सूर्यदेव से क्या संबंध है?

जानें देवी षष्ठी की उत्पत्ति की कहानी

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया को मूल रूप से देवी षष्ठी कहा जाता है। मार्कंडेय पुराण के अनुसार, प्रकृति के छह प्रमुख स्वरूपों में से छठे अंश से देवी षष्ठी का प्राकट्य हुआ था। इसी वजह से उन्हें षष्ठी नाम मिला, जिन्हें भक्त प्रेम से छठी मैया पुकारते हैं।

धार्मिक ग्रंथों में उन्हें भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री और देवसेना के रूप में भी जाना जाता है। उनका संबंध भगवान कार्तिकेय से भी जुड़ा हुआ है। ऐसी मान्यता है कि छठी मैया बच्चों की रक्षा करने वाली देवी हैं और वे बाल गोपाल को अच्छा स्वास्थ्य, लंबी आयु और संतान सुख का वरदान देती हैं।

सूर्यदेव से छठी मैया का क्या है संबंध

पूर्वांचल और बिहार की लोक परंपराओं में छठी मैया को सूर्यदेव की बहन माना जाता है, यही कारण है कि छठ पर्व पर सूर्य उपासना के साथ उनकी बहन की पूजा की जाती है। एक अन्य मान्यता के अनुसार, छठी मैया का गहरा नाता सूर्य की शक्तियों यानी ‘उषा’ और ‘प्रत्युषा’ से भी है। ‘उषा’ सुबह की पहली किरण और ‘प्रत्युषा’ शाम की अंतिम किरण का प्रतीक मानी जाती हैं। यही वजह है कि छठ पर्व के दौरान डूबते और उगते, दोनों समय सूर्यदेव को अर्घ्य देने की परंपरा है।

Chhath Puja 2026

कैसे शुरू हुई छठ पूजा

छठ पर्व की शुरुआत से जुड़ी राजा प्रियव्रत की कथा काफी प्रसिद्ध है। पौराणिक आख्यानों के मुताबिक, राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी संतानहीनता के कारण बेहद व्यथित थे। तब महर्षि कश्यप की सलाह पर उन्होंने पुत्रेष्टि यज्ञ कराया। यज्ञ के फलस्वरूप रानी ने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन वह मृत पैदा हुआ।

राजा के इस असीम दुख को देखकर देवी षष्ठी प्रकट हुईं और उन्हें अपनी पूजा करने की विधि बताई। राजा ने कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को पूरे विधि-विधान से व्रत रखा। देवी की कृपा से उनका मृत पुत्र पुनः जीवित हो गया। तभी से संतान की रक्षा और कल्याण के लिए यह व्रत रखने की परंपरा चली आ रही है।

इसे भी पढ़ें: Chhath Puja 2026: जानें नहाय-खाय, खरना और संध्या-अर्घ्य की तारीख व शुभ मुहूर्त

जन्म के छठे दिन क्यों होती है छठी पूजा

सनातन परंपरा में नवजात शिशु के जन्म के छह दिन पूरे होने पर ‘षष्ठी पूजन’ या ‘छठी’ मनाने का विधान है। ऐसा माना जाता है कि जन्म के छठे दिन छठी मैया स्वयं शिशु को आशीर्वाद देने और उसकी रक्षा करने आती हैं। इस अवसर पर परिवार के लोग बच्चे के उज्ज्वल भविष्य, स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करते हैं। कई लोकमान्यताओं में इस रात को बच्चे के भाग्य विधाता से भी जोड़कर देखा जाता है।

भगवान राम और माता सीता से जुड़ा प्रसंग

लोक कथाओं के अनुसार, रावण पर विजय प्राप्त करने के पश्चात जब भगवान राम और माता सीता अयोध्या लौटे, तब उन्होंने कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की थी। एक अन्य कथा के अनुसार, उन्होंने ऋषि मुग्दल के आश्रम में रहकर सूर्य उपासना और व्रत किया था, हालांकि इस संदर्भ में ग्रंथों में अलग-अलग वर्णन मिलते हैं।

इसे भी पढ़ें: पुनः राजनीति का केंद्र बिंदु बनती अयोध्या

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...