Asian Games 2026: मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की पीएम मोदी ने सराहना

Asian Games 2026

Asian Games 2026: नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्स 2026 में शिरकत करने वाले भारतीय दल के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। इस खास मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय युवा मामले एवं राज्य मंत्री रक्षा खडसे और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय हॉकी टीम ने पीएम मोदी को विशेष तौर पर हॉकी स्टिक और जर्सी भेंट की। प्रधानमंत्री ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के साथ-साथ रेसलर्स, तीरंदाजों और अन्य पदक विजेताओं व उनके सहयोगी स्टाफ से भी बातचीत की और उन्हें बधाई दी।

भारत का शानदार प्रदर्शन, 85 पदकों के साथ चौथा स्थान

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक (21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज) अपने नाम किए और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। इस महामुकाबले में 341 पदकों के साथ चीन शीर्ष पर रहा, जबकि जापान (260 मेडल) दूसरे और दक्षिण कोरिया (150 मेडल) तीसरे स्थान पर रहे।

इसे भी पढ़ें: शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी श्रद्धा दुबे का नया वीडियो आया सामने

ऐतिहासिक और नए खेलों में भारत की धाक

इस बार के एशियाई खेलों में भारत ने न केवल पारंपरिक खेलों में बल्कि नए क्षेत्रों में भी अपनी मजबूत छाप छोड़ी है। भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों के साथ-साथ पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। भारत ने सॉफ्ट टेनिस और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) जैसे नए खेलों में पहली बार मेडल जीतकर नया इतिहास रचा। इसके अलावा, निशानेबाजी में महिला ट्रैप स्पर्धा का पहला गोल्ड मेडल भी भारत के खाते में आया।

वेटलिफ्टिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन वापसी करते हुए 28 साल बाद एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीता। वहीं, ग्रीको-रोमन कुश्ती में भी 64 साल का लंबा इंतजार खत्म हुआ जब एक भारतीय पहलवान ने रजत पदक जीतकर फाइनल तक का सफर तय किया। इन उपलब्धियों से साफ जाहिर है कि भारतीय खिलाड़ी अब वैश्विक और एशियाई मंच पर नए आयाम गढ़ रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: हरियाली के दुश्मनों पर मेहरबान कप्तानगंज पुलिस, शिकायत के बाद भी आरोपी पर कार्रवाई नहीं

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...