मोहम्मद शमी के भाई पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप, लखनऊ की महिला ने लगाई न्याय की गुहार

Mohammed Kaif

Lucknow News: क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई और घरेलू क्रिकेटर मोहम्मद कैफ पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और धोखा देने का गंभीर आरोप लगा है। लखनऊ निवासी एक महिला ने मोहम्मद कैफ के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पुलिस अधिकारियों से न्याय की मांग की है।

पीड़िता का कहना है कि मोहम्मद कैफ ने उससे शादी का वादा किया और कई शहरों के होटलों में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो उसे धमकियां दी जाने लगीं।

शादी का वादा कर छुड़वाई नौकरी

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2020 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी मुलाकात मोहम्मद कैफ से हुई थी। उस वक्त कैफ घरेलू क्रिकेट भी नहीं खेलते थे। अगस्त 2023 में कैफ ने शादी का प्रस्ताव रखा। महिला ने जब यह स्पष्ट किया कि वह तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है, तो कैफ ने कहा कि उसे इस बात से कोई ऐतराज नहीं है।

महिला उस समय दिल्ली की एक नामी एयरलाइन कंपनी में केबिन क्रू के रूप में कार्यरत थी। कैफ के कहने और शादी का पक्का भरोसा देने पर उसने अपनी नौकरी तक छोड़ दी।

दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ में बुलाकर बनाए संबंध

महिला का आरोप है कि पहली मुलाकात सितंबर 2023 में गाजियाबाद में हुई थी। इसके बाद कैफ उसे अलग-अलग शहरों में आयोजित मैचों के दौरान होटलों में बुलाता रहा। दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ के ‘हयात’ होटल में कैफ ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। आईपीएल ऑक्शन और रणजी मैचों के दौरान भी कैफ लगातार उसे शादी का भरोसा देता रहा।

महिला के अनुसार, जब जनवरी 2026 में उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो कैफ ने दूरी बनानी शुरू कर दी। क्रिकेटर के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने भी उसकी मदद करने के बजाय उसे हनी ट्रैपर कहना शुरू कर दिया। परेशान होकर पीड़िता ने 29 अप्रैल 2026 को एक स्पोर्ट्स पॉडकास्ट में अपनी आपबीती साझा की। इसके बाद मई में कैफ ने पॉडकास्ट हटवाने के बहाने उसे दोबारा कोलकाता बुलाया और फिर से शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।

इसे भी पढ़ें: सनातन की पताका ऊंची रहेगी तो भारत का कोई बाल बांका नहीं कर पाएगा

पुलिस थानों के चक्कर काट रही पीड़िता

19 मई को महिला को बातचीत के लिए अमरोहा बुलाया गया, जहां कैफ के परिवार वालों ने उसकी ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए उसे धमकाया। इसके बाद कैफ ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।

पीड़िता ने बताया कि उसने पहले आशियाना और विभूतिखंड थानों में शिकायत की, लेकिन क्षेत्राधिकार का हवाला देकर मामला टाल दिया गया। आखिरकार पीड़िता ने DCP ईस्ट कार्यालय में तहरीर देकर एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच ACP विभूतिखंड को सौंप दी गई है और महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

इसे भी पढ़ें: पुलिस ने विनोद साहनी पर कार्रवाई की होती तो न होती हत्या

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...