कानपुर के निजी अस्पताल में बंधक बनाकर नर्स से सामूहिक दुष्कर्म, अस्पताल संचालक व भांजा गिरफ्तार
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर जिले के घाटमपुर क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स ने अस्पताल संचालक और उसके भांजे पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने बताया कि वह घाटमपुर स्थित श्री जी हॉस्पिटल में नर्स के पद पर तैनात थी। आरोप है कि 16 अगस्त को अस्पताल संचालक सत्यम सैनी ने उसे इमरजेंसी डिलीवरी के बहाने फोन करके बुलाया और इसके बाद उसे कार में बैठाकर जहानाबाद रोड स्थित एक होटल ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती की गई और अश्लील फोटो व वीडियो बनाए गए।
ऑपरेशन थिएटर में बनाया बंधक
शिकायत के अनुसार, जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे और उसके भाई हिमांशु को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता को अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में ही बंधक बना लिया और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि उसे आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चुप रहने का दबाव बनाया गया। डर के कारण वह काफी दिनों तक इस मामले की शिकायत नहीं कर सकी। 31 अगस्त को फिर से आरोपी ललित सैनी उसे जहानाबाद रोड स्थित एक होटल ले गया और वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
इसे भी पढ़ें: भारतीय भाषा परिवार भाषाई औपनिवेशिकता से मुक्ति का आधार है: प्रो. हरीश अरोड़ा
पति ने किया विरोध तो उसे भी दी धमकी
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि जब उसके पति ने इस पूरे मामले का विरोध किया तो आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों अस्पताल संचालक सत्यम सैनी और उसके भांजे ललित सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल हुए होटल, अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर और अन्य संभावित स्थानों से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें: 5 महीने में 23वीं फांसी की सजा सुनाने वाले एडीजे रवि कुमार दिवाकर का छलका दर्द
