सारा खलीफा समेत 13 लोगों को सुनाई गई मौत की सजा, इन्फ्लुएंसर ने खुद को बताया बेकसूर
काहिरा: मिस्र की जानी-मानी टेलीविजन हस्ती, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बिजनेसवुमन सारा खलीफा को नशीले पदार्थों की तस्करी के एक हाई-प्रोफाइल मामले में मिस्र की एक आपराधिक अदालत ने मौत की सजा सुनाई है। मामले में फैसला सुनाते हुए अदालत ने सारा खलीफा समेत कुल 13 लोगों को फांसी की सजा का हुक्म दिया। जांच में सामने आया कि यह पूरा समूह एक बेहद संगठित आपराधिक नेटवर्क चला रहा था, जो दूसरे देशों से कच्चा माल मंगवाकर मिस्र में बड़े पैमाने पर घातक सिंथेटिक ड्रग्स तैयार करने और उन्हें बेचने के अवैध धंधे में लिप्त था।

लैब से 750 किलो नशीले पदार्थ और अवैध हथियार बरामद
सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई जांच के दौरान इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह के दो गुप्त अपार्टमेंट्स का पर्दाफाश हुआ, जिनका इस्तेमाल गुप्त प्रयोगशाला (लैब) के रूप में किया जा रहा था। इन ठिकानों से अधिकारियों ने 750 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ, कच्चा माल और भारी मात्रा में अवैध हथियार जब्त किए। काहिरा की अदालत ने पिछले महीने ही इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे मिस्र के कानूनी प्रावधानों के तहत अंतिम धार्मिक राय के लिए देश के ग्रैंड मुफ्ती के पास भेजा गया था। मुफ्ती की मंजूरी मिलने के बाद सितंबर 2026 में अदालत ने फांसी की सजा की आधिकारिक पुष्टि कर दी।

बोलीं- कभी सिगरेट भी नहीं पी
39 वर्षीया सारा खलीफा ने अदालत के समक्ष सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने जीवन में कभी सिगरेट तक को हाथ नहीं लगाया और नशीली दवाओं को पहली बार तब देखा जब एंटी-नारकोटिक्स विभाग के कार्यालय में उनके साथ तस्वीरें ली जा रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके वकील ने निचली अदालत के इस फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील दाखिल करने का फैसला किया है।
इसे भी पढ़ें: इंसानी गतिविधियों से भी तेजी से पिघल रहा है खुम्बु ग्लेशियर
मशहूर शो मिशन इम्पॉसिबल की होस्ट थीं सारा
सारा खलीफा मिस्र के मीडिया जगत और सोशल मीडिया का एक बड़ा चेहरा रही हैं। वह टीवी पर सुरक्षा और अपराध जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आधारित लोकप्रिय शो मिशन इम्पॉसिबल की होस्ट के रूप में जानी जाती हैं। अकेले इंस्टाग्राम पर उनके 25 लाख (2.5 मिलियन) से अधिक फॉलोअर्स हैं। टीवी एंकरिंग के अलावा वह एक कॉस्मेटिक व प्लास्टिक सर्जरी क्लिनिक और एक इवेंट-उत्पादन कंपनी की मालकिन भी हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने मिस्र के चर्चित फुटबॉलर महमूद अब्देल मोनीम (महमूद काहराबा) से शादी की थी, हालांकि बाद में दोनों का तलाक हो गया। ड्रग्स सिंडिकेट चलाने के अलावा सारा पर अपने ड्राइवर को बंधक बनाने और उसके साथ मारपीट करने का भी मामला दर्ज है।
इसे भी पढ़ें: स्वरा भास्कर पर अनिरुद्धाचार्य का तीखा पलटवार
