सितंबर में लांच होंगी किआ सोरेंटो से लेकर पोर्श कायेन EV तक की कारें, जानें कौन-सी गाड़ी कब आ रही
Car Launch September 2026: अगस्त का महीना भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के लिए काफी व्यस्त रहा। इस दौरान बीएमडब्ल्यू एक्स1 एलडब्ल्यूबी, एमजी हेक्टर टोमाहॉक EV और पीएचईवी वेरिएंट ने बाजार में दस्तक दी। वहीं, महिंद्रा ने स्कॉर्पियो-एन को अपडेटेड अवतार में पेश किया, जबकि बीई 6 के नाम में स्पोर्टेक जोड़ा गया। रेंज रोवर एसवी अल्ट्रा, बीवाईडी सीलायन 7 डायनेमिक और स्कोडा कायलाक स्पोर्टलाइन जैसे मौजूदा मॉडलों के नए वेरिएंट भी सामने आए। अब सितंबर में इस लिस्ट में किआ, मारुति, बीएमडब्ल्यू और पोर्श जैसी दिग्गज कंपनियां नए अध्याय जोड़ने को तैयार हैं।
4 सितंबर: किआ सोरेंटो लगाएगी दस्तक, हाइब्रिड और डीजल दोनों में उपलब्ध
किआ की नई प्रमुख SUV सोरेंटो 4 सितंबर को भारतीय बाजार में उतरेगी। कंपनी इसे मजबूत हाइब्रिड (1.6-लीटर, 238 PS, 380 Nm) और 2.0-लीटर डीजल (202 PS, 441 Nm) इंजन विकल्पों के साथ पेश करेगी। डिजाइन की बात करें तो इसमें टाइगर नोज़ ग्रिल, Y-शेप LED DRLs, स्क्वायर टेल-लैंप और बड़ा रूफ स्पॉयलर मिलेगा। केबिन में डुअल 12.3-इंच डिस्प्ले, ADAS, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, पैनोरमिक सनरूफ और ऑटोमेटिक टेलगेट जैसे फीचर्स मिलेंगे। 6-सीटर और 7-सीटर दोनों ऑप्शन में आने वाली यह SUV स्कोडा कोडियाक, फॉक्सवैगन टायरॉन और जीप मेरिडियन को टक्कर देगी। इसकी बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है।
5 सितंबर: मारुति बलेनो फेसलिफ्ट, प्रीमियम हैचबैक को मिलेगा नया लुक
मारुति सुजुकी अपनी लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक बलेनो के नए फेसलिफ्ट को 5 सितंबर को पेश करेगी। परीक्षण के दौरान सामने आई तस्वीरों से साफ है कि नई बलेनो में फ्रंट ग्रिल और बंपर नए डिज़ाइन में आएंगे। हालांकि, टेल-लैंप पुराने स्वरूप में जारी रह सकते हैं। केबिन में 9-इंच की टचस्क्रीन और अपडेटेड फीचर्स मिल सकते हैं। इंजन में बड़ा बदलाव नहीं होगा—मौजूदा 1.2-लीटर पेट्रोल (90 PS) और CNG (77.5 PS) विकल्प जारी रहेंगे। टाटा अल्ट्रोज, हुंडई i20 और टोयोटा ग्लैंजा से इसका मुकाबला रहेगा।
11 सितंबर: बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज और i7 का नया अवतार, लग्जरी सेडान में होगा क्रांति
लग्जरी सेगमेंट में बीएमडब्ल्यू 11 सितंबर को अपनी 7 सीरीज और i7 के फेसलिफ्ट वेरिएंट लॉन्च करेगी। 1 अगस्त से बुकिंग शुरू हो चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 740i (400 PS, 580 Nm) और 740d (313 PS, 670 Nm) में पावर बढ़ोतरी हुई है, साथ ही 48V माइल्ड हाइब्रिड तकनीक भी जोड़ी गई है। i7 में 112.4 kWh की बैटरी मिलेगी, जो पहले 101.7 kWh थी। xDrive50 (455 PS) और M70 xDrive (680 PS) अब और ताकतवर हो गए हैं। डिज़ाइन में स्प्लिट LED हेडलैम्प्स, नई किडनी ग्रिल, पैनोरमिक विजन डिस्प्ले और 17.9-इंच सेंट्रल स्क्रीन जैसे बड़े बदलाव हैं। पीछे की सीटों में 31.3-इंच की 8K थिएटर स्क्रीन और टच-ऑपरेटेड डोर डिस्प्ले दिए गए हैं। मर्सिडीज एस-क्लास से इसका मुकाबला होगा।
इसे भी पढ़ें: ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग से बिलावल भुट्टो के निकाह की चर्चा तेज
30 सितंबर: पोर्श कायेन EV, 1.77 करोड़ से शुरू होगी कीमत
सितंबर के आखिरी दिन पोर्श कायेन EV पहली बार भारत में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएगी। इसकी कीमत 1.77 करोड़ (सामान्य) और 2.27 करोड़ (टर्बो) रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। दोनों वेरिएंट 113 kWh बैटरी और ऑल-व्हील ड्राइव के साथ आएंगे। टर्बो वेरिएंट 1,156 PS और 1,500 Nm के साथ 2.5 सेकंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ता है, जबकि सामान्य वेरिएंट 442 PS और 835 Nm देता है। डिज़ाइन में बंद ग्रिल, डुअल एयर-वेंट और फुल-विड्थ LED टेल-लाइट हैं। केबिन में 14.5-इंच कर्व्ड स्क्रीन, 8-वे पावर सीट्स, फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर मिलेंगे। इस महीने प्रीमियम SUV, लग्जरी सेडान और हाई-परफॉर्मेंस EV के शौकीनों के लिए ऑफर बहुतायत में हैं।
इसे भी पढ़ें: क्यूबा की जोआना उरांगा ने जीता मिस टीन इंटरनेशनल 2026 का ताज
