Basti News: सचिवालय का नकली अफसर मोहसिन खान गिरफ्तार, लाल-नीली बत्ती का रौब दिखाकर करता था ठगी
Basti News: उत्तर प्रदेश शासन का फर्जी लोगो और लाल-नीली बत्ती लगी इनोवा कार में घूमकर VIP सुविधाएं हासिल करने वाले एक शातिर जालसाज को बस्ती पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को लखनऊ सचिवालय का विशेष कार्याधिकारी (OSD) बताकर न केवल टोल प्लाजा और सरकारी दफ्तरों में मुफ्त आवाजाही और प्रोटोकॉल लेता था, बल्कि काम कराने के नाम पर आम जनता से ठगी भी करता था।
कोतवाली प्रभारी बृजानन्द सिंह और यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी की संयुक्त टीम ने बड़ेबन पुल के नीचे चेकिंग के दौरान उसे दबोचा। पुलिस ने उसके पास से नीली-लाल बत्ती लगी इनोवा कार, 2 वॉकी-टॉकी, 5 फर्जी विजिटिंग कार्ड, आईफोन और 4 एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मोहसिन खान (28 वर्ष), निवासी दारुलशफा हजरतगंज (मूल निवासी चईयाबारी, बस्ती) के रूप में दी। आरोपी ने कुबूल किया कि वह काफी समय से फर्जी पहचान पत्र और बत्ती का इस्तेमाल कर जिलों में VIP प्रोटोकॉल हासिल कर रहा था।
इसे भी पढ़ें: मिस्ट्री मैन संग पूनम पांडे की तस्वीरें वायरल, इंटरनेट पर मची सनसनी
उसने अपना रौब जमाने के लिए लखनऊ निवासी राजेश यादव नामक ड्राइवर को 15 हजार रुपये महीने पर रखा हुआ था। बस्ती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया है और जनता से ऐसे फर्जी अधिकारियों के झांसे में न आने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें: सात सालों में बंद हुए 84 हजार सरकारी स्कूल, 1.5 करोड़ घटे छात्र
