ऐशबाग जंक्शन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं, राजनाथ सिंह की पहल पर रेलवे ने दी जानकारी

Aishbagh Railway Station Upgradation

Lucknow News: ऐशबाग जंक्शन रेलवे स्टेशन पर दैनिक यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए मूलभूत नागरिक सुविधाओं और ढांचागत विस्तार की मांग रंग लाने लगी है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी तथा भाजपा नगर कार्य समिति सदस्य व पूर्व मंडल अध्यक्ष गणेश कनौजिया ने इस समस्या से केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह को अवगत कराया था, जिसके बाद उत्तर पूर्व रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर स्वीकृत व निर्माणाधीन सुविधाओं का ब्योरा जारी किया है।

प्लेटफॉर्म 1 और 6 पर जल्द बनेंगे नए शौचालय

अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन), लखनऊ मंडल (पूर्वोत्तर रेलवे) द्वारा 13 अगस्त 2026 को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, ऐशबाग जंक्शन (जो कि NSG-03 श्रेणी का स्टेशन है) पर सुविधाओं का दायरा बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 और 4/5 पर शौचालय क्रियाशील हैं, जबकि प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 6 पर नए शौचालयों का निर्माण प्रस्तावित किया गया है।

लिफ्ट, एस्केलेटर और नए फुट ओवर ब्रिज की मिली मंजूरी

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए वर्तमान में एक फुट ओवर ब्रिज उपलब्ध है। इसके अलावा यात्रियों की सुगमता के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर की आधुनिक सुविधाओं से लैस एक नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) के निर्माण को भी स्वीकृति दे दी गई है। वर्तमान में स्टेशन पर 1260 वर्गमीटर का प्लेटफॉर्म शेल्टर भी मौजूद है, जिसके विस्तार की दिशा में कार्य जारी है।

इसे भी पढ़ें: कंगना रनौत ने आशुतोष राणा, सोनू सूद, तापसी और राखी सावंत को लपेटा

3 नए वाटर कूलर भी लगेंगे स्टेशन पर

स्वच्छ पेयजल आपूर्ति को लेकर रेलवे ने बताया कि वर्तमान में प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर दो, प्लेटफॉर्म 2/3 पर एक, प्लेटफॉर्म 4/5 पर दो और प्लेटफॉर्म 6 पर एक वाटर कूलर के साथ कुल 120 वाटर टैप काम कर रहे हैं। यात्रियों को और राहत देने के लिए 3 अतिरिक्त वाटर कूलर लगाने का कार्य भी मंजूर किया गया है। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी और गणेश कनौजिया ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और रेलवे प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उम्मीद जताई कि इन स्वीकृत कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐशबाग स्टेशन लखनऊ का एक प्रमुख रेलवे केंद्र है, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम आवागमन के लिए उनका प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्ट- प्रीति द्विवेदी

इसे भी पढ़ें: देश में 8.7 करोड़ युवा न पढ़ाई में, न रोजगार में, न प्रशिक्षण में

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...