नशामुक्त भारत के संकल्प को नई उड़ान, विद्यार्थियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
छतरपुर: नशामुक्त और स्वस्थ भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज की ओर से चलाए जा रहे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत छतरपुर के केयर इंग्लिश स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपना सकारात्मक योगदान देने की प्रतिज्ञा ली।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी रमा बहन, ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन एवं ब्रह्माकुमार प्रताप भाई ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब बच्चों और युवाओं को बचपन से ही नशे के प्रति जागरूक किया जाए। आज के बच्चे ही कल के भारत का भविष्य हैं। यदि वे अभी से नशे को जीवन से दूर रखने का संकल्प लेते हैं, तो आने वाली पीढ़ी एक स्वस्थ, संस्कारवान और सशक्त भारत का निर्माण कर सकती है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के लोगों को भी नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली एवं अच्छे संस्कारों को अपनाने, अपने तन-मन, समय और शक्तियों का सदुपयोग करने तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।

राजयोग एवं मेडिटेशन से सिखाया तनावमुक्त रहने का मंत्र
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन एवं ब्रह्माकुमार प्रताप भाई द्वारा विद्यार्थियों को राजयोग एवं मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया। उन्होंने बच्चों को तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवन जीने के उपाय बताए तथा मन को शांत, एकाग्र और सकारात्मक रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को प्रेरणादायक महावाक्यों के माध्यम से जीवन में अच्छे संस्कार एवं सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश भी दिया गया।
ब्रह्माकुमारी रमा बहन ने कहा कि आज अनेक बच्चे अपने आसपास नशे की समस्या को देखते हैं। ऐसे वातावरण में बच्चों को सही संस्कार, जागरूकता और आत्मविश्वास देना बेहद आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी उन्हें नशे की ओर आकर्षित न कर सके। यदि बच्चे दृढ़ संकल्प के साथ नशे को ‘ना’ कहना सीख जाएं, तो समाज में एक बड़े सकारात्मक बदलाव की शुरुआत हो सकती है।

दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर केयर इंग्लिश स्कूल की एडमिनिस्ट्रेशन हेड सुषमा डोज एवं प्राचार्य शबनम बेगम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्ति अभियान में सहभागिता करते हुए प्रतिज्ञा ली।
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर में एसडीएम-एसडीपीओ समेत 11 पुलिसकर्मियों के खिलाफ वारंट जारी
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक राजयोग एवं मेडिटेशन का अभ्यास किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय परिसर में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया गया। ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा से जोड़ने के उद्देश्य से आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान का मूल संदेश है कि नशामुक्त व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव रख सकता है।
इसे भी पढ़ें: पवन सिंह के कांवड़ महोत्सव में बाउंसर ने फैन को स्टेज से फेंका तो पावर स्टार ने ऐसे जीता दिल
