Ketan Agrawal Murder Case: सिया गोयल का पब वाला वीडियो वायरल, अपशब्द बोलती रही मुख्य आरोपी

Ketan Agrawal Murder Case

Ketan Agrawal Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे से सामने आए रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की संदिग्ध मौत के मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की ओर पूरे देश का ध्यान खींच लिया है।

यह वीडियो दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है, जिसमें सिया एक पब के भीतर हाथ में बीयर की बोतल जैसी कोई चीज थामे फोन पर किसी को बुरी तरह गाली-गलौज करती दिख रही है। वीडियो में उसे बेहद गुस्से में यह कहते सुना जा सकता है, पहले तो वह मुझे धोखा देता है, फिर मुझे फोन करता है। इस क्लिप के सामने आने के बाद केस को लेकर इंटरनेट पर चर्चाएं गर्म हो गई हैं।

मंगेतर को पहाड़ी से धक्का देने का है आरोप

इस वायरल वीडियो के अलावा, सिया गोयल और मामले के सह-आरोपी चेतन चौधरी की कई पुरानी तस्वीरें और वीडियो क्लिप्स भी पब्लिक डोमेन में आ चुकी हैं। एक वीडियो में दोनों को कथित वारदात से कुछ महीने पहले एक क्रिकेट लीग मैच के दौरान साथ में समय बिताते देखा गया है। हालांकि, जांच टीम ने अभी आधिकारिक तौर पर इन वीडियो का संबंध सीधे हत्या की कड़ियों से नहीं जोड़ा है।

गौरतलब है कि यह पूरा मामला पुणे के 26 वर्षीय नामचीन बिल्डर केतन अग्रवाल की मौत से जुड़ा है। आरोप है कि बीती 18 जून को पुणे जिले के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले की एक ऊंची पहाड़ी (चट्टान) से केतन को नीचे धक्का दे दिया गया, जिससे खाई में गिरकर उनकी जान चली गई। हैरान करने वाली बात यह है कि केतन और सिया की सगाई हो चुकी थी और इसी साल नवंबर में दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले थे। पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची थी।

पुलिस ने समझा मर्डर का पूरा खेल

केस की कड़ियों को जोड़ने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस ने बुधवार को लोहागढ़ किले के उसी दुर्गम पॉइंट पर जाकर पूरे घटनाक्रम को दोबारा दोहराया (क्राइम सीन रीक्रिएशन)। इस दौरान फॉरेंसिक और पुलिस अधिकारियों ने मृतक केतन की लंबाई और वजन के बराबर बनाई गई एक फाइबर डमी का इस्तेमाल किया।

घटना की कड़ियों को समझने के लिए उस डमी को करीब 300 फीट गहरी खाई में गिराकर देखा गया। लोनावला डिवीजन के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DySP) गजानन टोम्पे ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर सीन रीक्रिएट किया गया है और सभी साक्ष्य अदालत के समक्ष पेश किए जाएंगे।

इसके साथ ही, पुलिस की एक टीम केतन के मोबाइल फोन का डेटा भी खंगाल रही है। जांच में पता चला है कि केतन की मौत के बाद कुछ समय तक उसका फोन सिया के ही पास था, जिसे बाद में उसने परिजनों को सौंपा। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या उस दौरान फोन के डेटा को डिलीट या रिस्टोर कर साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की गई थी।

इसे भी पढ़ें: सना खान का इमोशनल वीडियो वायरल, बोलीं- अपनी कब्र की तैयारी खुद करो

कोर्ट ने बढ़ाई रिमांड

सोमवार को वडगांव मावल कोर्ट ने मामले की गंभीरता और सबूत जुटाने की आवश्यकता को देखते हुए दोनों आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी की पुलिस कस्टडी को 5 दिनों के लिए और बढ़ा दिया था। दोनों आरोपी 3 जुलाई तक पुलिस की सख्त रिमांड पर रहेंगे। इस हफ्ते की शुरुआत में पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों को पुख्ता करने के लिए सह-आरोपी चेतन चौधरी का गेट टेस्ट (चलने के तरीके की जांच) भी कराया था, ताकि घटनास्थल के आसपास मिले तकनीकी इनपुट्स से उसका मिलान किया जा सके।

इसे भी पढ़ें: छह साल बाद भी कागजों में अयोध्या की मस्जिद

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...