मुंबई एयरपोर्ट पर हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ मॉडल हर्षा सनी गिरफ्तार
Model Harsha Sunny arrested: मायानगरी मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग और एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्लैमर की आड़ में चल रहे अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बैंकॉक से लौटी एक 28 वर्षीय ग्लैमरस मॉडल को एयरपोर्ट पर रोका गया, जिसके पास से भारी मात्रा में हाई-क्वालिटी हाइड्रोपोनिक गांजा (वीड) बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 11.82 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी मॉडल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिसेस केरल ब्यूटी पेजेंट का हिस्सा रह चुकी है आरोपी मॉडल
पकड़ी गई महिला की पहचान हर्षा सनी के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी हर्षा कोई आम कोरियर नहीं है, बल्कि वह साल 2025 में आयोजित हुए प्रतिष्ठित मिसेस केरल ब्यूटी पेजेंट की कंटेस्टेंट (प्रतिभागी) रह चुकी है। वह एक निजी कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर भी काम करती थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वह खुद इस सिंडिकेट की मुख्य कड़ी है या उसे केवल मोटी रकम का लालच देकर ड्रग्स की डिलीवरी के लिए कैरियर के रूप में इस्तेमाल किया गया था।

ट्रॉली बैग में छिपाए थे वैक्यूम-सील्ड 12 पैकेट
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, यह हाई-वोल्टेज कार्रवाई 10 और 11 जून की दरमियानी रात को हुई। आरोपी मॉडल बैंकॉक से एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या TG-351 के जरिए मुंबई लैंड हुई थी। ग्रीन चैनल पार करते समय महिला की शारीरिक भाषा और संदिग्ध गतिविधियों को देखकर कस्टम अधिकारियों को शक हुआ। सुरक्षा घेरे में लेकर जब उसके ट्रॉली बैग की सघन तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। बैग के भीतर कपड़ों के बीच चालाकी से छिपाकर रखे गए 12 वैक्यूम-सील्ड पारदर्शी प्लास्टिक के पैकेट्स मिले।
जब इन पैकेट्स की एनडीपीएस (NDPS) टेस्ट किट के जरिए मौके पर ही रासायनिक जांच की गई, तो उसमें उच्च गुणवत्ता वाले ‘हाइड्रोपोनिक मारिजुआना’ (गांजा) होने की पुष्टि हुई। तौले जाने पर कुल ड्रग्स का वजन 11.824 किलोग्राम निकला।
इसे भी पढ़ें: अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी को लेकर बरसे ओपी राजभर
कोर्ट ने भेजा जेल, अंतरराष्ट्रीय रैकेट की जांच शुरू
मुंबई कस्टम्स के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी मॉडल हर्षा सनी के खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में जेल भेज दिया है।
क्या होता है हाइड्रोपोनिक गांजा
यह सामान्य गांजे से कई गुना ज्यादा नशीला और महंगा होता है। इसे मिट्टी के बिना, केवल पोषक तत्वों से भरपूर पानी और नियंत्रित तापमान में (इंडोर) उगाया जाता है। भारत के महानगरों की रेव पार्टियों और हाई-प्रोफाइल क्लबों में इसकी भारी डिमांड होती है, जिसके तार सीधे थाईलैंड और बैंकॉक जैसे देशों से जुड़े होते हैं।
इसे भी पढ़ें: Fatehpur News: सगे भाई ने हड़पा मां का मकान
