Basti News: सपा सांसद के आवास का घेराव, महिलाओं ने सड़क पर उतरकर दिखाया गुस्सा
Basti News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चलाए जा रहे महिला जन आक्रोश अभियान के तहत सोमवार को बस्ती में महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। रुधौली एवं कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र की सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में राजकीय इंटर कॉलेज के सामने स्थित समाजवादी पार्टी सांसद के आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए सपा के महिला विरोधी चरित्र के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान महिलाओं का आक्रोश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि जो लोग महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की बात नहीं करते, जनता उन्हें जवाब देने का काम करेगी। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी केवल वोट बैंक की राजनीति करती है, जबकि महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान के मुद्दे पर वह हमेशा मौन रहती है।
नेताओं ने किया महिलाओं को संबोधित
कार्यक्रम में पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ल, कार्यक्रम संयोजक सुमन सिंह एवं दिलीप पांडेय, पूर्व प्रत्याशी संगीता जायसवाल ने महिलाओं को संबोधित किया। सभी नेताओं ने एक स्वर में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और सपा के महिला विरोधी रवैये के खिलाफ मुखर होने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, वहीं दूसरी ओर सपा जैसे दल महिलाओं के आरक्षण और उनके अधिकारों का विरोध करते रहे हैं।
मिश्र ने स्पष्ट किया कि महिला जन आक्रोश अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया, सपा के लोग महिलाओं का सम्मान करना नहीं जानते और यही कारण है कि प्रदेश की महिलाएं उनके खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज करा रही हैं।
इसे भी पढ़ें: लहू से सींचा है भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंगाल में “कमल”
दो दिन और जारी रहेगा घेराव प्रदर्शन
जिलाध्यक्ष ने बताया कि यह घेराव कार्यक्रम आगामी मंगलवार एवं बुधवार को भी जारी रहेगा और हर क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाएं इसमें शामिल होकर विरोध प्रकट करेंगी। इस अवसर पर शिवांगी सिंह, नीलम गौड़, संध्या दीक्षित, प्रियंका पांडेय, वीना पांडेय, कुमारी रंजना, मंजू देवी, शीला, मुनकी देवी, रेखा, राधिका, सरिता, पुष्पा गौतम, पूनम गुप्ता, सावित्री देवी, सरिता देवी, राधिका देवी, रीता देवी, लक्ष्मी देवी, सरिता यादव, यासमीन, संगीता देवी, मालती देवी, गुड़िया देवी, प्रियंका, गीता, सुंदरी, बिंदु देवी, किरन, ललिता, अनीता सहित अन्य महिला कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें: पल्लवी पटेल को ट्रेन के इंजन पर चढ़कर प्रदर्शन करना पड़ा भारी
