पल्लवी पटेल को ट्रेन के इंजन पर चढ़कर प्रदर्शन करना पड़ा भारी, मुकदमा दर्ज

Pallavi Patel

Lucknow News: सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल और अपना दल (कमेरावादी) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राजधानी के चारबाग रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। यूजीसी रेगुलेशन एक्ट-2026 को लागू करने की मांग को लेकर हुए इस प्रदर्शन के दौरान विधायक और उनके समर्थक रेलवे ट्रैक पर उतर आए और वहां खड़े निरीक्षण यान के इंजन पर चढ़कर नारेबाजी की। इस घटना के बाद रेलवे पुलिस (RPF) ने पल्लवी पटेल और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, पल्लवी पटेल सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा का घेराव करने वाली थीं। भारी पुलिस बल ने जब उन्हें स्टेशन के बाहर रोकने की कोशिश की, तो कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी झड़प हुई। पुलिस घेरे को तोड़ते हुए पल्लवी पटेल अचानक प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंच गईं। उनके पीछे समर्थकों की भारी भीड़ भी स्टेशन के भीतर घुस गई। प्रदर्शनकारियों ने न केवल रेल के पहिये रोके, बल्कि कुछ कार्यकर्ता पटरी पर लेट गए, जिससे स्टेशन पर संचालन बाधित हो गया।

इसे भी पढ़ें: लखनऊ में लगे अखिलेश को कटियाबाज बताने वाले होर्डिंग्स, भड़के सपाई

इन धाराओं में फंसा कानूनी पेंच

आरपीएफ थाना चारबाग प्रभारी भूपेंद्र सिंह के मुताबिक, पल्लवी पटेल और उनके समर्थकों पर रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। उन पर निम्नलिखित आरोप हैं:

बिना अधिकार रेलवे परिसर में प्रवेश करना।

प्लेटफार्म पर न्यूसेंस (उपद्रव) पैदा करना।

अनाधिकृत रूप से रेल इंजन पर चढ़ना।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा में बाधा डालना।

प्रदर्शन के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया और बसों में भरकर इको गार्डन भेजा। हालांकि, देर शाम सभी को रिहा कर दिया गया। पल्लवी पटेल का कहना है कि यह लड़ाई युवाओं के अधिकार के लिए है और वे पीछे नहीं हटेंगी।

इसे भी पढ़ें: निदा खान को पनाह देना AIMIM पार्षद को पड़ा भारी

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...