शुभेंदु होंगे पश्चिम बंगाल के अधिकारी, कल ब्रिगेड ग्राउंड में होगा ऐतिहासिक शपथ ग्रहण

shubhendu adhikari next west bengal cm

Newschuski Digital Desk: पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाने जा रही भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के लिए शुभेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगा दी है। सूत्रों के अनुसार, कोलकाता में गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हो रही विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य शुभेंदु के नाम का औपचारिक प्रस्ताव रखेंगे। कल (शनिवार) को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। बता दें कि बंगाल में BJP ने 207 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल किया है, जबकि टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई है।

भवानीपुर में ममता को 15 हजार से अधिक वोटों से हराया

शुभेंदु अधिकारी इस बार दो सीटों नंदीग्राम और भवानीपुर से चुनाव मैदान में थे और उन्होंने दोनों जगह शानदार जीत हासिल की। खास बात यह रही कि भवानीपुर में उन्होंने ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित कर दिया। यह दूसरा मौका है जब शुभेंदु ने नंदीग्राम से ममता को हराया है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी वह नंदीग्राम से ही मुख्यमंत्री को मात दे चुके हैं। उनकी इस लगातार जीत को पार्टी ने बंगाल में अपने मुख्य चेहरे के रूप में स्थापित करने का आधार बनाया है।

अमित शाह हवाई अड्डे पर हुआ भव्य स्वागत

गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार सुबह कोलकाता पहुंचे, जहाँ शुभेंदु अधिकारी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। इसके बाद वह न्यू टाउन स्थित एक होटल गए। दोपहर में शाह ने विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में मुख्यमंत्री पद के नाम पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है।

शपथ ग्रहण में PM मोदी होंगे मुख्य अतिथि

शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए के शासन वाले सभी राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। बंगाल में पहली बार BJP सरकार बनने जा रही है, ऐसे में यह शपथ ग्रहण समारोह राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं।

इसे भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव परिणाम: नई सरकारों की होगी कड़ी अग्निपरीक्षा

पहली बार बंगाल में BJP का बहुमत

इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बंगाल में कमाल कर दिखाया। पार्टी ने कुल 207 सीटों पर जीत हासिल करते हुए पूर्ण बहुमत हासिल किया, जबकि ममता बनर्जी की टीएमसी मात्र 80 सीटों पर सिमट गई। यह बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य में सबसे बड़ा बदलाव है। एक समय की तृणमूल कांग्रेस के गढ़ में अब भाजपा का परचम लहराने जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषक इसे बंगाल की जनता के बदलते मूड का बड़ा संकेत मान रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: बाबा बर्फानी के दर्शन की महिमा, जानें अमरत्व के रहस्य की पावन गाथा

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...