Hamirpur News: यमुना में नाव पलटने से 9 लोग डूबे, 3 की जान बची, 6 अब भी लापता

Yamuna River Boat Capsize

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना नदी में नाव पलटने से एक बड़ा हादसा हो गया है। नदी में नौ लोग डूब गए, जिनमें से तीन को राहत एवं बचाव दल ने सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि छह लोग अभी भी लापता हैं। सभी नाव सवार यमुना नदी पार खरबूजा खाने के लिए गए थे और वापस लौटते समय यह दर्दनाक घटना घटी।

बेटी की विदाई के बाद खरबूजा खाने निकला पूरा परिवार

जानकारी के अनुसार, थाना कुरारा के भौली गांव स्थित मजरा कोतुपुर पटिया निवासी श्रीपाल की बेटी की शादी मंगलवार को हुई थी। बुधवार को बेटी की विदाई के बाद परिवार के लोग और रिश्तेदार खरबूजा खाने के लिए नाव से यमुना नदी के पार गए थे। देर शाम वापस लौटते समय यह दुखद हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और बचाए गए लोगों के अनुसार, नाव चला रहे विष्णु के फोन पर कोई कॉल आ गई। जैसे ही उसने फोन उठाकर बात करनी शुरू की, नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। इस हादसे में नाव पर सवार सभी नौ लोग नदी में डूब गए। विष्णु किसी तरह तैरकर बाहर आ गया, वहीं दो अन्य लोगों को भी राहत दल ने बाहर निकाला।

ये हैं डूबने वाले और लापता लोग

नाव पर सवार लोगों में नौ वर्षीय रानी (पुत्री बच्चन निषाद), नौ वर्षीय आकांक्षा (पुत्री रामहेत), 25 वर्षीय ब्रजरानी (पत्नी पप्पू), पांच वर्षीय लव्यांश (पुत्री विष्णु), पांच वर्षीय गोरेलाल (पुत्र महेश), 11 वर्षीय आदित्य (पुत्र महेश), विष्णु (पुत्र रामस्वरूप), रिंकू (पुत्री राजू) और पारुल (पुत्री बउआ) शामिल थे। हादसे के बाद विष्णु, रिंकू और पारुल को बचा लिया गया, जबकि छह लोग अभी भी लापता हैं।

बचाए गए लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया

14 वर्षीय पारुल और रिंकू को किसी तरह बाहर निकाला गया। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को कुरारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं नाविक विष्णु सुरक्षित बताया जा रहा है।

प्रशासन में हड़कंप, एनडीआरएफ बुलाई गई

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम अभिषेक कुमार, सीओ राजेश कमल समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को लगाया गया है और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम को भी बुलाया गया है। डीएम और एसपी के भी घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना है।

इसे भी पढ़ें: बंगाल चुनाव परिणाम: स्वर्णिम भविष्य का संकेत

गांव में मातम का माहौल, परिजन बेहाल

इस घटना के बाद पूरे गांव में हलचल मच गई है। नदी किनारे लोगों की भीड़ जमा है और डूबे हुए लोगों के परिजन बेहाल हैं। हर पल उम्मीद की सांस लिए लोग अपनों के सुरक्षित बाहर आने का इंतजार कर रहे हैं। एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि गोताखोरों की टीम लगातार तलाश अभियान में जुटी है। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच रही है। नदी में डूबे लोगों की तलाश लगातार जारी है और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

इसे भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, वंदे मातरम अब राष्ट्रगान के समान

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...