Lucknow News: जेल से छूटते ही हिस्ट्रीशीटर सचिन यादव की हत्या, पड़ोसी से था विवाद

historysheeter sachin yadav

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी में अपराध की इतिहास एक बार फिर सामने आया है। पीजीआई थाने के हिस्ट्रीशीटर सचिन यादव की मंगलवार को सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक स्कूल के पीछे लाश मिली। बदमाशों ने उसकी हत्या कर शव को वहां फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, सचिन यादव के सिर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं।

पीजीआई थाने में दर्ज हैं आधा दर्जन मुकदमे

सचिन यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ लखनऊ के पीजीआई थाने में लगभग आधा दर्जन मुकदमे दर्ज थे। वह इसी थाने का हिस्ट्रीशीटर भी था। हाल ही में उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था। सचिन यादव इसी महीने जेल से छूटकर बाहर आया था और अब उसकी हत्या कर दी गई।

इसे भी पढ़ें: बंगाल में 42 मुस्लिम बने विधायक, 47 में से 31 उम्मीदवारों ने बचाई TMC की लाज

पड़ोसी से पुरानी रंजिश, छह महीने में दूसरी हत्या

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सचिन यादव का अपने पड़ोसी विजय यादव से पुराना विवाद चलता था। पिछले साल दीवाली के दिन ही सचिन के भाई सोनू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस हत्या का आरोप विजय यादव के भतीजे पर लगा था। अब छह महीने के अंदर परिवार में यह दूसरी हत्या हुई है। पुलिस पुरानी रंजिश और आपराधिक रिकॉर्ड के एंगल से जांच कर रही है।

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस टीम परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि हत्यारों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्यारों की तलाश में जुटी है।

इसे भी पढ़ें: दुष्कर्म के आरोप में जेल भेजा गया ओपी राजभर का गनर

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...