चार बच्चों और माँ के कातिल आमिर का एनकाउंटर, एक ही बेड पर मिले थे मासूमों के शव
Ambedkarnagar News: उत्तर प्रदेश के आंबेडकरनगर जिले ने सोमवार तड़के एक बार फिर खौफनाक वारदात देखी। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने नेवतरिया बाईपास के पास मुठभेड़ के दौरान हाल ही में चार मासूम भाई-बहनों और उनकी माँ की हत्या के मुख्य आरोपी आमिर को ढेर कर दिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे मौके पर ही मार गिराया गया। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस बाइक सवार संदिग्ध को रोकने के प्रयास में थी।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब पाँच बजे गश्त के दौरान एक बाइक सवार को रोकना चाहा, लेकिन वह भागने लगा। नेवतरिया बाईपास के पास घेराबंदी करने पर उसने अचानक पुलिस पर गोलियाँ चलानी शुरू कर दीं। जवाबी फायरिंग में आमिर मौके पर ही ढेर हो गया। घटनास्थल को तुरंत घेर लिया गया और फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। मारा गया आमिर मीरानपुर थाना कोतवाली अकबरपुर का रहने वाला था और उस पर पहले से दुष्कर्म सहित कई गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस पहले भी उसके खिलाफ हाफ एनकाउंटर कर चुकी थी।
चार मासूम और माँ, ऐसे खुला हत्याकांड का राज
दरअसल, 2 मई को नगर के मुरादाबाद मीरानपुर मोहल्ले में चार नाबालिग बच्चों की एक ही बेड पर निर्मम हत्या कर दी गई थी। उनकी माँ उस समय लापता थी। बाद में महिला का शव भी घर से महज सौ मीटर दूर एक नाले से बरामद हुआ। एसपी प्राची सिंह ने बताया कि जांच में जुटी कई टीमों ने सीसीटीवी, सीडीआर और करीबियों से पूछताछ के बाद आमिर का नाम उछाला। महिला का पति पहले ही दूसरी शादी कर चुका था, और उससे पूछताछ में आमिर के इरादे साफ हुए – वह महिला से शादी कर उसकी संपत्ति हथियाना चाहता था।

इस सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया था। जब पुलिस ने उस दिन कमरे का दरवाजा खोला, तो चारों बच्चों के शव एक ही बेड पर अलग-अलग दिशाओं में पड़े थे। दीवारों पर खून के छींटे और बच्चों की सोने की अवस्था बताती थी कि वारदात बेहद बेरहमी से उस समय अंजाम दी गई जब वे गहरी नींद में थे। घर में अंडा करी, चावल और रोटी मौजूद थी, जिससे साफ था कि खाना बना था। शाम को बच्चे बाहर खेलते भी देखे गए थे।
इसे भी पढ़ें: बंगाल में सीएम योगी का वो चुनावी फैक्टर, जिसने की बीजेपी की राह आसान
माँ का शव मिलने के बाद उलझी थी जांच
पहले तो पुलिस को लगा कि माँ ही आरोपी है क्योंकि वह फरार थी, लेकिन रविवार को जब उसका शव बरामद हुआ तो पूरा मामला और उलझ गया। आधा दर्जन टीमें महिला की तलाश में जुटी थीं, लेकिन उसका मिलना इस कत्लेआम के पीछे एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। आमिर के साथ किसी और की मिलीभगत हो सकती है, फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
इसे भी पढ़ें: भीषण युद्ध जैसे माहौल में कारगर हुई सुनील बंसल की रचना
