सीएम योगी ने विधानसभा में गेस्टहाउस कांड का जिक्र कर कांग्रेस-सपा को किया बेपर्दा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के महिला आरक्षण पर हुए विशेष सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अतीत के कालखंड को ताजा करते हुए आरोप लगाया कि जो दल आज नारी गरिमा की बातें कर रहे हैं, उनके हाथ कभी महिलाओं के सम्मान से लबालब नहीं रहे। सीएम ने गेस्टहाउस कांड हो या तीन तलाक, हर उस मामले को बेंचमार्क बनाया जहां महिलाओं के साथ अन्याय हुआ।
गेस्टहाउस कांड जिसने बता दी थी सपा की असलियत
सीएम योगी ने सदन में 1995 के कुख्यात गेस्टहाउस कांड का जिक्र करते हुए कहा, प्रदेश की पहली दलित मुख्यमंत्री का अपमान किया गया, सपाइयों ने मायावती पर ही हमला कर दिया। ये शर्मनाक घटना है, जिसका इतिहास गवाह है। उन्होंने बताया कि उस वक्त बहुजन समाज पार्टी की नेता और दलित समाज की बेटी को भाजपा ने समर्थन दिया और मुख्यमंत्री बनाने में अहम भूमिका निभाई। सीएम ने कहा कि भाजपा के दिग्गज नेता स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने अपनी जान की परवाह किए बिना स्टेट गेस्टहाउस में सपा के गुंडों से मोर्चा लिया था, तब जाकर मायावती सुरक्षित हो पाईं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, आप लोग किस नारी गरिमा की बात करते हैं?
#WATCH | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के विशेष सत्र में कहा, "जब मैं समाजवादी पार्टी की बात करता हूं कि 1995 की घटना सबको याद है, जब प्रदेश की पहली दलित मुख्यमंत्री के साथ स्टेट गेस्ट हाउस कांड हुआ था। पार्टी कोई भी हो सकती है लेकिन आपका आचरण क्या था? यह… pic.twitter.com/5hULO3sTUJ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 30, 2026
मौलवियों के आगे कांग्रेस ने टेके थे घुटने
महिला विरोधी रवैये की जड़ें खोदते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने शाहबानो प्रकरण का हवाला देते हुए कहा, तब देखिए कैसे मौलवियों के आगे घुटने टेके गए, मुस्लिम महिला के अधिकार छीने गए और सुप्रीम कोर्ट की गंभीर टिप्पणी को नजरअंदाज किया गया। अगर उस समय भारत के कानून का सम्मान करते हुए शाहबानो को न्याय दिलाया गया होता, तो आज ये हालत नहीं होती। उन्होंने कहा कि इस्लामिक देशों ने भी तीन तलाक को मान्यता नहीं दी, लेकिन यहां के कुछ दल कठमुल्लापन की राजनीति पर आगे बढ़ना चाहते हैं।
पूजा पाल के आंसू भी नहीं पोंछ पाई सपा
सीएम योगी ने सपा सरकार के दौरान हुई घटनाओं को गिनाते हुए कहा कि विधायक पूजा पाल के पति राजू पाल की हत्या हो गई, लेकिन सपा गुंडा-माफिया के आगे नतमस्तक रही। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा, पूजा पाल के आंसू भी सपा नहीं पोंछ पाई। इसके अलावा उन्होंने आजम खां, अबू आजमी और पूर्व सांसद एसटी हसन के महिला विरोधी बयानों को भी सदन की कार्यवाही का हिस्सा बनाया।

सीएम योगी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि जब महिला आरक्षण बिल गिराया गया, तो उन्होंने उस पर बधाइयां दीं और नारेबाजी की। उन्होंने कहा, कांग्रेस आज महिलाओं का शाप झेल रही है और 40 साल से प्रदेश में वह बंजर होती जा रही है। यही अनुसरण सपा भी कर रही है और उसकी भी यही दुर्गति होगी।
इसे भी पढ़ें: प्रदेश के विकास का एक्सप्रेस-वे बनेगा गंगा एक्सप्रेस-वे
सीएम ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
आरोपों के बीच सीएम ने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 65 लाख गरीब परिवारों को आवास दिया गया है। घरौनी योजना के तहत देश में तीन करोड़ महिलाओं के नाम अधिकार पत्र जारी हुए, जिनमें से एक करोड़ अकेले उत्तर प्रदेश की महिलाएं हैं। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या योजना के तहत 6 लाख बेटियों की शादी कराई गई, जिसका सपा ने विरोध किया था। कन्या सुमंगला योजना से 26 लाख लड़कियों को स्नातक के लिए 25-25 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए, जिनमें से तीन करोड़ यूपी में हैं।
इसे भी पढ़ें: सुमन सैनी ने जन आक्रोश कार्यक्रम में भरी हुंकार
