आशा भोसले को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, रणवीर सिंह हुए भावुक, अंतिम दर्शन के बाद बिना कुछ कहे लौटे
दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के बाद मुंबई में शोक की लहर है। 12 अप्रैल को 92 वर्ष की उम्र में उनका निधन हुआ, जिसके अगले दिन 13 अप्रैल को परिवार, फिल्म और संगीत जगत से जुड़े कई बड़े नाम उनके आवास पर अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और हर किसी की आंखें नम दिखाई दीं।
रणवीर सिंह अंतिम दर्शन के बाद दिखे भावुक
आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने पहुंचे अभिनेता रणवीर सिंह भी इस मौके पर गहरे भावुक नजर आए। अंतिम दर्शन के बाद जब वह बाहर निकले तो खुद को संभालते हुए दिखाई दिए। सामने आए वीडियो में वह चुपचाप अपनी कार की ओर बढ़ते नजर आते हैं। उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और सीधे गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए, जिससे उनके भावनात्मक जुड़ाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।
सोशल मीडिया पर भी जताया सम्मान
रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए भी आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनके साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें याद किया। कैप्शन में उन्होंने लिखा, “इम्प्रैसेबल, इनकम्पेरेबल।” दोनों के कई पुराने वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें अभिनेता को गायिका के प्रति सम्मान और स्नेह जताते देखा जा सकता है।
शिवाजी पार्क में हुआ अंतिम संस्कार, बड़ी हस्तियां रहीं मौजूद
आशा भोसले का अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क स्थित श्मशान घाट में किया गया, जहां वह पंचतत्व में विलीन हो गईं। इस दौरान फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में प्रशंसक भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे, जिसके चलते सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
सात दशकों तक संगीत जगत पर रहा अमिट प्रभाव
आशा भोसले का जन्म 8 सितंबर 1933 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1948 में फिल्म ‘चुनरिया’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। सात दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने हिंदी, मराठी, अंग्रेजी सहित कई भाषाओं में हजारों गीत गाए। संगीत जगत में उनके योगदान के लिए उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार (2000) और पद्म विभूषण (2008) से सम्मानित किया गया।
